त्योहारों पर जाम लगाया तो होगी कार्रवाई, पुलिस कमिश्नर ने लहरतारा से लंका तक किया निरीक्षण, दुकानदारों को ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की दी हिदायत
धनतेरस, दीपावली और भाईदूज पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने की तैयारी, कलर कोडेड पार्किंग व्यवस्था लागू कराने के साथ पैदल गश्त बढ़ाने का निर्देश
सड़क और फुटपाथ पर दुकान, ठेला व खोमचा लगाने वालों पर होगी कार्रवाई, गलत दिशा में वाहन चलाने और बिना हेलमेट वालों की खैर नहीं
पार्किंग स्थलों पर दबाव बढ़ने पर वाहन चालकों को बताए जाएंगे वैकल्पिक स्थल, प्रमुख चौराहों और बाजारों में यातायात पुलिस के साथ स्थानीय पुलिस की भी रहेगी तैनाती
वाराणसी। धनतेरस, दीपावली और भाईदूज पर शहर में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने गुरुवार को लहरतारा से लंका तक प्रमुख मार्गों और चौराहों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को जाम से निपटने के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण तथा अवैध पार्किंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
पुलिस आयुक्त ने लहरतारा, मंडुवाडीह, बनारस रेलवे स्टेशन, भिखारीपुर तिराहा, बीएलडब्ल्यू, नरिया और लंका चौराहे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संवेदनशील और जाम संभावित स्थानों पर यातायात पुलिस तथा स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाकर प्रभावी ड्यूटी लगाने का निर्देश दिया। प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात की लगातार निगरानी करने को कहा।

दुकानदारों को भी दी जिम्मेदारी
पुलिस आयुक्त ने दुकानदारों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को निर्देश दिया कि ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग निर्धारित स्थलों पर ही कराएं। दुकानों के सामने सड़क और फुटपाथ पर वाहन खड़े कराकर आवागमन बाधित न करें। सड़क किनारे दुकान, ठेला और खोमचा लगाकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने को कहा।
कलर कोडेड पार्किंग व्यवस्था पर जोर
शहर में लागू कलर कोडेड पार्किंग व्यवस्था का प्रभावी अनुपालन कराने का निर्देश दिया गया। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े कराए जाएंगे। किसी पार्किंग स्थल पर अधिक दबाव होने पर वाहन चालकों को वैकल्पिक पार्किंग की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए बाजारों में संकेतक लगाने और यातायात कर्मियों के माध्यम से लोगों को मार्गदर्शन देने को कहा गया।

नियम तोड़ने वालों पर सख्ती
पुलिस आयुक्त ने सभी राजपत्रित अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में प्रमुख चौराहों और बाजारों में नियमित पैदल गश्त करने तथा अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया। बिना हेलमेट वाहन चलाने, गलत दिशा में ड्राइविंग करने और अव्यवस्थित पार्किंग करने वालों के खिलाफ भी प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों और आमजन से निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने तथा त्योहारों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

