सोशल मीडिया पर रीलबाजी करने वाले पुलिसकर्मियों पर होगी कार्रवाई, पुलिसकर्मियों के सोशल मीडिया गतिविधियों पर रखी जा रही नजर 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच अब वर्दी पहनकर रील बनाना और फोटो-वीडियो साझा करना पुलिसकर्मियों के लिए मुश्किल खड़ी कर सकता है। वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए सोशल मीडिया पर सक्रिय पुलिसकर्मियों की निगरानी शुरू कर दी है। विभागीय नियमों का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन समेत कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कमिश्नरेट में तैनात महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। निगरानी के दायरे में महिला आरक्षी, उपनिरीक्षक, निरीक्षक और अन्य पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। खासकर नए रंगरूटों और युवा पुलिसकर्मियों को सोशल मीडिया के उपयोग में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई है।

हाल ही में आयोजित क्राइम मीटिंग में वरिष्ठ अधिकारियों ने सोशल मीडिया से संबंधित नियमों और दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी थी। बैठक में स्पष्ट रूप से कहा गया कि कोई भी पुलिसकर्मी वर्दी में रहते हुए, थाने या चौकी परिसर में, ड्यूटी के दौरान अथवा सरकारी हथियारों के साथ फोटो, वीडियो या रील बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा नहीं करेगा। विभाग का मानना है कि इस प्रकार की गतिविधियां पुलिस सेवा की गरिमा और अनुशासन के विपरीत हैं।

पिछले कुछ महीनों में काशी और वरुणा जोन में तैनात कई महिला पुलिसकर्मियों की वर्दी में बनाई गई रील्स सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थीं। इन वीडियो को बड़ी संख्या में लोगों ने देखा और साझा किया, जिसके बाद पुलिस विभाग ने मामले का संज्ञान लिया। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस मुख्यालय की ओर से भी वर्दी की गरिमा और सेवा अनुशासन बनाए रखने के संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक अब ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान की जा रही है, जहां पुलिसकर्मी वर्दी में या ड्यूटी के दौरान वीडियो और रील्स पोस्ट कर रहे हैं। विभागीय स्तर पर इन अकाउंट्स की निगरानी की जा रही है और संबंधित कर्मियों का विवरण एकत्र किया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विभागीय जांच के साथ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था शिवहरी मीणा ने कहा कि सोशल मीडिया पर वर्दी में रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान कराई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय नियमों की अवहेलना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे वर्दी और ड्यूटी की मर्यादा का पालन करें तथा सोशल मीडिया पर अनावश्यक फोटो, वीडियो और रील्स साझा करने से बचें।

Share this story