देव दीपावली की तैयारियों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, नगर आयुक्त ने अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now

घाटों को जोड़ने वाले मार्गों पर सीवर ओवरफ्लो, जलभराव और अतिक्रमण मिलने पर तय होगी जिम्मेदारी, रामकुंड की जर्जर दीवार की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश

वाराणसी। काशी की विश्वप्रसिद्ध देव दीपावली को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और शहर की बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त रखने के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। मंगलवार को नगर निगम सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि पर्व की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खामियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।


बैठक में नगर आयुक्त ने कहा कि देव दीपावली पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। घाटों को आपस में जोड़ने वाले प्रमुख संपर्क मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाए। इन मार्गों पर सीवर ओवरफ्लो, जलभराव, पाइपलाइन लीकेज और अतिक्रमण जैसी समस्याएं किसी भी स्थिति में नहीं रहनी चाहिए।

123
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे केवल कार्यालयों में बैठकर समीक्षा न करें, बल्कि स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें। जहां भी कमियां मिलें, उन्हें समय रहते दूर कराया जाए। साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के साथ संबंधित नोडल अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें।


जल निगम को रामकुंड की दीवार तत्काल ठीक कराने के निर्देश
समीक्षा बैठक में जल निगम के अधिकारियों को विशेष रूप से चेतावनी दी गई। नगर आयुक्त ने त्योहार के दौरान जलापूर्ति और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही रामकुंड की जर्जर दीवार की तत्काल मरम्मत कराने को कहा, ताकि पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की आशंका न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करते हुए निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करें।

123
सफाई और रोशनी की व्यवस्था पर विशेष जोर
नगर निगम प्रशासन की ओर से घाटों की सफाई और प्रकाश व्यवस्था के लिए नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। नगर आयुक्त ने सभी जोनल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देव दीपावली काशी की अंतरराष्ट्रीय पहचान से जुड़ा आयोजन है। इसकी गरिमा के अनुरूप शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित रखना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

बैठक में अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, विनोद कुमार गुप्ता, प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी संदीप भार्गव, उद्यान अधीक्षक डॉ. बीके सिंह, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी मनीष कुमार शुक्ला, मुख्य नगर लेखापरीक्षक संजय प्रताप सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी कुमार असीम रंजन, पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृत राज सहित विभिन्न जोनल अधिकारी और नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

BK Pathak
BK Pathak

21823 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story