मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर ‘धड़ाम-धड़ाम’ की आवाज निकालने वाली बुलेट मोटरसाइकिलों पर शुरू हुई कार्रवाई, बेचने वाले दुकानदार भी निशाने पर

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। तेज धमाकेदार आवाज निकालने वाले मोडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। Chetganj Police Station के थाना प्रभारी वीके शुक्ला और उनकी टीम ने लहुराबीर–मलदहिया मार्ग पर अभियान चलाकर ओरिजिनल साइलेंसर हटाकर मोडिफाइड साइलेंसर लगाई गई बुलेट मोटरसाइकिल को सीज कर दिया।

चेकिंग के दौरान पकड़ी गई बाइक
पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और वाहन चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान एक बुलेट बाइक तेज ‘धड़ाम-धड़ाम’ की आवाज के साथ गुजरती दिखी। वाहन को रोककर जांच की गई तो पता चला कि उसमें कंपनी का मूल साइलेंसर हटाकर अवैध रूप से मोडिफाइड साइलेंसर लगाया गया है। नियमों के उल्लंघन पर बाइक को तत्काल सीज कर दिया गया।

दुकान से 8 मोडिफाइड साइलेंसर बरामद
पूछताछ में बाइक सवार ने जिस दुकान से साइलेंसर लगवाने की जानकारी दी, वहां पुलिस ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दुकान से 8 मोडिफाइड साइलेंसर बरामद किए गए। पुलिस ने इन्हें जब्त कर लिया है।

दुकानदार पर होगी विधिक कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, मोडिफाइड साइलेंसर लगाना मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमों का उल्लंघन है और इससे ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ता है। संबंधित दुकानदार के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में ध्वनि प्रदूषण फैलाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share this story