एसीपी ने लालपुर-पांडेयपुर थाने का किया निरीक्षण, साइबर अपराध और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण का दिया निर्देश
वाराणसी। सहायक पुलिस आयुक्त कैंट प्रज्ञा पाठक ने रविवार को थाना लालपुर-पांडेयपुर का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने थाने के विभिन्न अभिलेखों, रजिस्टरों और कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान एसीपी ने साइबर अपराध, आईजीआरएस, सीसीटीएनएस और जनसुनवाई से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। थाने के महत्वपूर्ण रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए उनके रखरखाव और अद्यतन स्थिति की जांच की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी अभिलेख नियमानुसार और नियमित रूप से अपडेट रखे जाएं। साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों में तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

इसके बाद एसीपी कैंट ने थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों और रिक्रूट आरक्षियों के साथ बैठक की। उन्होंने पुलिसकर्मियों की समस्याओं और कार्यस्थल से जुड़ी दिक्कतों की जानकारी ली। समस्याओं के नियमानुसार निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। एसीपी ने कहा कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। अपराधों की रोकथाम के लिए सतर्कता बढ़ाने के साथ ही भविष्य में होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर स्थित मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क, मेस, पिंक टॉयलेट और कार्यालय का भी जायजा लिया। परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

