आयुष्मान कार्ड के बहाने 50 करोड़ की जमीन हड़पने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर बीजेपी नेता समेत 10 पर FIR
वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के मोहनसराय में आयुष्मान कार्ड बनवाने और इलाज में आर्थिक मदद का झांसा देकर एक सेवानिवृत्त शिक्षक की करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने का मामला सामने आया है। अदालत के आदेश पर रोहनिया पुलिस ने बीजेपी के जिला उपाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है।
पीड़िता प्रतिभा मिश्रा ने आरोप लगाया है कि उनके 65 वर्षीय पति लंबे समय से गंभीर रूप से बीमार थे और उनका सप्ताह में दो बार डायलिसिस होता था। इसी दौरान आरोपियों ने आयुष्मान कार्ड बनवाने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि इससे इलाज का खर्च काफी कम हो जाएगा। इस भरोसे का फायदा उठाकर उन्होंने सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी शुरू कर दी।
आरोप है कि आरोपियों ने पीड़ित के नाम से नया बैंक खाता खुलवाया, नया सिम कार्ड जारी कराया और उसी नंबर को पेंशन खाते से भी लिंक करा दिया। इसके बाद बिना परिवार को जानकारी दिए बैंकिंग और अन्य दस्तावेजों का उपयोग अपने हित में करते रहे। पीड़िता का कहना है कि इस पूरे खेल में उनके पति की बीमारी और कमजोर स्थिति का फायदा उठाया गया।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने वर्तमान में लगभग 50 करोड़ की लागत वाली 65 बिस्वा जमीन दान पत्र विलेख के माध्यम से अपने नाम करा ली। आरोप है कि कुछ लिपिकों की मिलीभगत से संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी तैयार कराए गए। इस साजिश में पीड़ित के एक भतीजे के शामिल होने का भी आरोप लगाया गया है।
प्रतिभा मिश्रा के मुताबिक, यह धोखाधड़ी 30 मार्च 2026 से लगातार चल रही थी। पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब उन्होंने अपने बेटे को घटनाक्रम की जानकारी दी और दस्तावेजों की जांच कराई। इसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन थाने में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। अंततः पीड़िता ने अदालत की शरण ली।
पुलिस का कहना है कि अदालत के आदेश के अनुपालन में केस दर्ज कर लिया गया है। अब सभी आरोपों और दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

