बीएचयू में असिस्टेंट प्रोफेसर की नौकरी दिलाने के नाम पर ठग लिए 6 लाख, आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। बीएचयू में असिस्टेंट प्रोफेसर की नौकरी दिलाने के नाम पर करीब छह लाख रुपये की कथित ठगी करने और कूटरचित नियुक्ति पत्र देने के मामले में सिगरा पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज था और वह मामले में वांछित चल रहा था।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज और प्रभारी निरीक्षक सिगरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, थाना सिगरा में दर्ज मु0अ0सं0 0338/2026 में धारा 318(4), 352, 336(3), 338 एवं 340(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसी मामले में वांछित अभियुक्त चन्द्रमणि शर्मा पुत्र विंध्याचल शर्मा, निवासी त्रिदेव नगर कॉलोनी, सरायनंदन, थाना भेलूपुर, वाराणसी, हालपता आनंद नगर, कंदवा चितईपुर, थाना मंडुवाडीह, वाराणसी, उम्र 32 वर्ष को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को 8 सितंबर 2026 को सिगरा थाना क्षेत्र स्थित सी-14/160 डीपी सोनिया रोड स्थित कार्यालय से गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि अभियुक्त ने पीड़िता को बीएचयू विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर की नौकरी दिलाने का भरोसा देकर करीब छह लाख रुपये लिए थे। इसके बाद पीड़िता को कथित तौर पर कूटरचित नियुक्ति पत्र भी उपलब्ध कराया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त के संबंध में पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकान्त मिश्र, उपनिरीक्षक विवेक सिंह, मुख्य आरक्षी कृपा सिंधु भारती और आरक्षी उमेश यादव शामिल रहे।

