मार्कण्डेय महादेव घाट पर हादसा: गंगा स्नान के दौरान युवक की डूबने से मौत
वाराणसी। मार्कण्डेय महादेव मंदिर परिसर स्थित गंगा घाट पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर दर्शन और गंगा स्नान के लिए आए एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम ने करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद युवक का शव गंगा से बाहर निकाला।
फूलपुर थाना क्षेत्र के नयेपुर गांव निवासी राजू कनौजिया पुत्र घनश्याम कनौजिया शनिवार को अपने दोस्तों विकास यादव, राकेश यादव और दिनेश यादव निवासी सिधौना के साथ मार्कण्डेय महादेव मंदिर दर्शन करने पहुंचे थे। दर्शन के बाद सभी लोग गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान राजू अचानक गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे। साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर और कैथी चौकी इंचार्ज पवन राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। लगभग तीन घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद गोताखोरों ने युवक का शव गंगा से बाहर निकाला।
शव बाहर आते ही परिजनों और ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृतक राजू कनौजिया मुंबई में रहकर प्राइवेट नौकरी करते थे और कुछ दिन पहले ही घर आए थे। उनकी शादी करीब दस वर्ष पहले हुई थी। परिवार में पत्नी सुमन कनौजिया और आठ वर्षीय बेटी है। राजू छह भाइयों में चौथे नंबर पर थे।

