बीएचयू में एबीवीपी की बैठक में पदों को लेकर विवाद, कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा
वाराणसी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की काशी हिंदू विश्वविद्यालय इकाई के नवगठित पदाधिकारियों की घोषणा के दौरान आयोजित बैठक में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब कुछ कार्यकर्ताओं ने पदों के चयन को लेकर विरोध जताया। देखते ही देखते बहस तीखी नोकझोंक में बदल गई और बैठक का माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया।
संगठन की बैठक में पल्लव सुमन को इकाई अध्यक्ष और अनुराग तिवारी को इकाई मंत्री घोषित किया गया। पदों की घोषणा होते ही कुछ कार्यकर्ताओं ने चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए असहमति जताई। इस पर बहस बढ़ती गई और आपसी आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया, जिससे बैठक में मौजूद अन्य सदस्य भी असहज हो गए।
बताया जा रहा है कि इस दौरान एबीवीपी के केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रमुख राहुल राणा भी बैठक में मौजूद थे। उनके सामने ही कुछ कार्यकर्ता आपस में उलझ पड़े और स्थिति बिगड़ने लगी। हालांकि, समय रहते वरिष्ठ पदाधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और सभी पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। सूत्रों के अनुसार, विवाद का मुख्य कारण पदों के वितरण को लेकर असंतोष और चयन प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता पर उठे सवाल थे। कुछ कार्यकर्ताओं का मानना था कि चयन में सभी की राय को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया, जिससे असहमति पैदा हुई।
घटना के बाद संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से संयम बरतने और संगठन की गरिमा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि एबीवीपी अनुशासन और छात्र हितों को सर्वोपरि मानती है तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

