NTA के खिलाफ एबीवीपी का उग्र प्रदर्शन, महानिदेशक का पुतला फूंका, परीक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने एनटीए और उसके महानिदेशक का पुतला दहन कर परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ आक्रोश जताया। इस दौरान छात्रों के हितों की रक्षा और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग को लेकर नारेबाजी भी की गई।

123

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एबीवीपी पदाधिकारी शिवम तिवारी ने कहा कि देशभर के लाखों छात्र पूरे वर्ष कठिन परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन परीक्षा एजेंसियों की लापरवाही और भ्रष्ट व्यवस्था के कारण उनका भविष्य खतरे में पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एनटीए द्वारा आयोजित कई प्रमुख परीक्षाओं में पेपर लीक और धांधली की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे छात्रों का विश्वास लगातार कमजोर हो रहा है।

123

उन्होंने कहा कि यदि कोई परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र पर कुछ मिनट देर से पहुंचता है तो उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाती, लेकिन जब परीक्षाएं बार-बार स्थगित होती हैं या प्रश्नपत्र लीक हो जाते हैं, तब जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई क्यों नहीं की जाती। उन्होंने इस पूरी व्यवस्था को छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय बताया।

123

एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराई जाए तथा दोषियों को सख्त सजा दी जाए। साथ ही उन्होंने एनटीए को भंग कर पारदर्शी और जवाबदेह परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग भी उठाई। शिवम तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो छात्र आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एबीवीपी छात्रों के अधिकारों और उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।

Share this story