वाराणसी पहुंचे आप नेता संजय सिंह, राम मंदिर चंदा प्रकरण, सोनम वांगचुक, जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर सरकार पर साधा निशाना, बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप
वाराणसी। आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार को वाराणसी पहुंचकर केंद्र और प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने राम मंदिर चंदा प्रकरण, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को हिरासत में लिए जाने, जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित कार्रवाई, शिक्षा व्यवस्था, भूमि अधिग्रहण और किसानों के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए 20 जुलाई को प्रस्तावित आंदोलन में युवाओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।
सोनम वांगचुक को हिरासत में लिए जाने के मामले में संजय सिंह ने कहा कि सरकार युवाओं की आवाज से घबरा गई है। उनका आरोप था कि 20 जुलाई को प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक युवाओं और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को उठा रहे हैं। उनके अनुसार देश में कई भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं और इन्हीं मुद्दों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे 20 जुलाई को लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को सफल बनाएं। साथ ही कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में भी सोनम वांगचुक के समर्थन में सड़कों पर उतरेगी।
जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर संजय सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी किसी भी शिक्षा संस्थान को गिराने के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई विश्वविद्यालय किसी कानूनी विवाद में है और सरकार चाहे तो उसे वैध करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया अपना सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र को कमजोर कर रही है और बड़ी संख्या में सरकारी विद्यालय बंद हो चुके हैं। उनका कहना था कि देश में शिक्षा संस्थानों को बचाने और मजबूत करने की आवश्यकता है, न कि उन्हें समाप्त करने की।
संजय सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार अपने करीबी उद्योगपतियों के लिए नियमों में ढील देती है, जबकि अन्य मामलों में अलग रवैया अपनाती है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर शिक्षा और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया तथा कहा कि सरकार समाज को बांटने की राजनीति कर रही है। उन्होंने एसआईटी की जांच पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भूमि खरीद-फरोख्त से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
वाराणसी में भूमि अधिग्रहण के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि पार्टी नेता रमेश पटेल के साथ पुलिस ने ज्यादती की और किसानों की आवाज दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने दावा किया कि जिले में किसानों की बड़ी मात्रा में भूमि जबरन अधिग्रहित की जा रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी किसानों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी और यदि आवश्यकता पड़ी तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा, चाहे इसके लिए मुकदमों का सामना करना पड़े या जेल जाना पड़े।

