प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी युवती नंगे पांव पहुंची सारनाथ थाना, पंचायत के बाद भी नहीं बनी बात

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। प्रेम संबंध को विवाह में बदलने की जिद लेकर एक युवती नंगे पांव सारनाथ थाने पहुंच गई। मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया। युवती का आरोप है कि उसके प्रेमी और उसके परिवार ने पहले शादी का भरोसा दिया था, लेकिन अब विवाह से इनकार कर दिया है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले का समाधान निकालने का प्रयास कर रही है।

महाराष्ट्र के पालघर निवासी युवती की लगभग एक वर्ष पहले सारनाथ क्षेत्र के पुराना पुल निवासी निहाल राजघर से पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया। युवती का कहना है कि दोनों ने विवाह करने का निर्णय लिया था और इसी भरोसे पर वह युवक के घर भी गई थी।

युवती के अनुसार करीब 25 दिन पहले प्रेमी ने उसे बुलाकर अपने घर ले गया था। वहां पहुंचने पर युवक के परिजनों ने शादी से साफ इनकार कर दिया। युवती का आरोप है कि इसके बाद उसे वर्ष 2030 में विवाह करने का आश्वासन देकर वापस भेज दिया गया।

मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच गांव में पंचायत भी बुलाई गई। परिजनों ने युवती से मोबाइल छीन लिया और घर से निकाल दिया। युवती मंगलवार को नंगे पांव ट्रेन से वाराणसी पहुंची और सीधे सारनाथ थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। थाने में उसने अपनी पूरी आपबीती पुलिस अधिकारियों को बताई और विवाह कराने की मांग की।

सारनाथ के कार्यवाहक थाना प्रभारी जितेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। पुलिस कानूनी और सामाजिक दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी।

Share this story