सिंधिया घाट पर गंगा में डूबे युवक का दूसरे दिन भी नहीं लगा सुराग, वाराणसी से लेकर बिहार के बक्सर तक तलाश
वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र के सिंधिया घाट पर गंगा में नहाने के दौरान डूबे 28 वर्षीय अमन चौरसिया का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका। एनडीआरएफ, जल पुलिस और गोताखोरों की टीम ने गंगा में काफी देर तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन युवक का पता नहीं चल पाया। उधर, परिजन उसकी सकुशल बरामदगी की उम्मीद में घाट और आसपास के इलाकों में लगातार खोजबीन कर रहे हैं। वाराणसी से लेकर बिहार के बक्सर तक संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की गई।
अमन चौरसिया पुत्र फेंकू राम चौरसिया निवासी हुकुलगंज, पांडेयपुर (थाना लालपुर) 19 अक्टूबर की भोर करीब 2:30 बजे अपने चचेरे भाई और अन्य दोस्तों के साथ सिंधिया घाट पहुंचा था। सभी गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अमन नहाते हुए गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। साथ मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक हिमांशु मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एनडीआरएफ, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई गई। घाट के आसपास काफी दूर तक गंगा में खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
परिजनों के मुताबिक, उन्होंने गंगा के विभिन्न संभावित क्षेत्रों में भी खोजबीन कराई। वाराणसी से लेकर बक्सर तक युवक की तलाश की गई, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। अमन के लापता होने से परिवार में बेचैनी और चिंता का माहौल है। परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हैं और किसी अनहोनी की आशंका से परेशान हैं।

