लोहता के छितौनी गांव में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, फोरेंसिक टीम ने की जांच
वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में गुरुवार को एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय मो. तालिम पुत्र स्वर्गीय अब्दुल कादिर निवासी छितौनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह छह भाइयों में चौथे नंबर पर था। उसकी पत्नी का नाम समा आफरीन है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर लोहता थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए संजीव कुमार शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों को समझा जा सके।

