वाराणसी में गंगा में शराब पार्टी का वीडियो वायरल, नाव पर डीजे बजाकर शराब पीते दिखे लोग, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। गंगा के बीच नाव पर शराब पार्टी करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग नाव पर डीजे बजाते हुए शराब पीते और जश्न मनाते नजर आ रहे हैं, जिसको लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी जा रही है।

बताया जा रहा है कि यह मामला उस समय का है जब माझी समाज के लोग मिर्जापुर स्थित बड़ी शीतला माता अदलपुरा के दरबार में बधावा लेकर जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने गंगा के बीच नाव पर डीजे बजाकर शराब पार्टी की, जबकि गंगा में डीजे बजाने और किसी भी प्रकार की पार्टी करने पर प्रशासन द्वारा पहले से ही सख्त रोक लगाई गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक मर्यादा को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। गंगा को आस्था का केंद्र माना जाता है और इस प्रकार की गतिविधियां न केवल नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि धार्मिक भावनाओं को भी आहत करती हैं। बीते दिनों गंगा में इफ्तार पार्टी आयोजित करने के आरोप में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उस घटना के बाद प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि गंगा नदी में किसी भी प्रकार के आयोजन, पार्टी या डीजे बजाने की अनुमति नहीं है।
अब शराब पार्टी का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता और संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमलोगों से भी अपील की है कि गंगा की पवित्रता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि से बचें।
देखें वीडियो

