200 टन वजनी बॉयलर लेकर मोहनसराय आएगा 308 पहियों वाला ट्रक, फुट ओवरब्रिज हटाने का काम शुरू

WhatsApp Channel Join Now

ओवर डायमेंशन कार्गो को रास्ता देने के लिए हाईवे पर काटा जा रहा पैदल पुल

वाराणसी। करीब 200 टन वजनी ओवर डायमेंशन कार्गो बॉयलर मशीन को लेकर चल रहे 308 पहियों वाले विशाल ट्रेलर के आवागमन के लिए मोहनसराय चौराहे पर हाईवे के ऊपर बने फुटओवर ब्रिज को हटाने की प्रक्रिया सोमवार से शुरू कर दी गई। भारी मशीन के सुरक्षित आवागमन में पुल की ऊंचाई बाधा बन रही थी, जिसके चलते संबंधित टीम ने फुटओवर ब्रिज के हिस्से को काटकर हटाने का काम शुरू किया है।

बताया जा रहा है कि यह विशाल ट्रेलर मंगलवार को मोहनसराय चौराहे पर पहुंच सकता है। ट्रेलर पर लदी बॉयलर मशीन को देखते हुए उसके मार्ग में आने वाली बाधाओं को पहले से हटाया जा रहा है। हाईवे पर भारी वाहन के गुजरने के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

123

करीब 200 टन वजन वाली यह बॉयलर मशीन बेल्जियम से समुद्री मार्ग के जरिए ओडिशा पहुंची थी। इसके बाद मशीन को विशेष रूप से तैयार किए गए 308 पहियों वाले ट्रेलर पर लादकर सड़क मार्ग से आगे ले जाया जा रहा है। यह ट्रेलर ओडिशा से उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के बलरामपुर में निर्माणाधीन प्लांट तक मशीन को पहुंचाएगा।

123

इतने बड़े आकार और वजन वाले कार्गो के आवागमन को देखते हुए रास्ते में आने वाले पुल, बिजली के तार और अन्य संभावित अवरोधों का निरीक्षण किया जा रहा है। मोहनसराय चौराहे पर फुटओवर ब्रिज को काटने का काम भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा बताया जा रहा है। मशीन के गुजरने के दौरान हाईवे पर यातायात को नियंत्रित करने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए जाने की तैयारी है।

Share this story