पिंडरा में जर्मनी की तर्ज पर बनेगा टेक्नोलॉजी सेंटर, सरकार मुफ्त देगी 12 एकड़ जमीन
हब-एंड-स्पोक मॉडल पर होगी स्थापना, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को आधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना
वाराणसी। जिले के औद्योगिक विकास और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में पिंडरा में टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित किया जाएगा। जर्मनी की तर्ज पर बनने वाले इस केंद्र के लिए पिंडरा तहसील के पिंडरा गांव में 12 एकड़ जमीन सरकार की ओर से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय को निशुल्क हस्तांतरित की जाएगी। इस केंद्र के माध्यम से स्थानीय उद्यमों को आधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ युवाओं को रोजगार से जोड़ने की योजना है।
टेक्नोलॉजी सेंटर की स्थापना हब-एंड-स्पोक मॉडल के तहत की जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ औद्योगिक क्षेत्र में आधुनिक तकनीकी सुविधाओं का विस्तार करना है। इसके लिए पिंडरा गांव की आराजी संख्या 3957 की कुल 17.563 हेक्टेयर भूमि में से 4.856 हेक्टेयर जमीन मंत्रालय को निशुल्क हस्तांतरित किए जाने का प्रस्ताव है।
केंद्र सरकार की नई टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापना योजना के तहत देश में कुल 20 टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित किए जाने हैं। वाराणसी में प्रस्तावित केंद्र भी इसी योजना का हिस्सा होगा। इसकी स्थापना हब-एंड-स्पोक मॉडल के तहत की जाएगी।
इस मॉडल के माध्यम से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इससे स्थानीय उद्योगों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उनकी कार्यक्षमता में सुधार लाने में मदद मिलेगी। साथ ही, युवाओं को औद्योगिक क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का रास्ता भी मजबूत होगा।

