संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के संचालन के लिए बनेगी विशेष समिति, नगर निगम की नई पहल
वाराणसी। नगर निगम सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को अधिक सुव्यवस्थित और जनोपयोगी बनाने की दिशा में सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में शनिवार को स्टेडियम परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित मीटिंग में स्टेडियम के बेहतर संचालन, रखरखाव और सुविधाओं को समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने के लिए ठोस कार्ययोजना को लेकर मंथन किया गया। इस दौरान खेल जगत से जुड़े विशेषज्ञों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शहर के लगभग 40 गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया और अपने सुझाव साझा किए। स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के संचालन के लिए विशेष समिति का गठन किया जाएगा।

महापौर और नगर आयुक्त ने स्टेडियम के भविष्य को लेकर अपनी योजनाएं प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह परिसर केवल खिलाड़ियों तक सीमित न रहकर आम नागरिकों के लिए भी उपयोगी बने। उन्होंने सुझावों को आमंत्रित करते हुए यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि खेल सुविधाओं का लाभ हर आयु वर्ग और वर्ग विशेष तक पहुंचे।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि स्टेडियम के दैनिक संचालन और गतिविधियों की निगरानी के लिए एक “विशेष समिति” का गठन किया जाएगा। इस समिति में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ शहर के प्रबुद्ध नागरिकों को भी शामिल किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।

महापौर ने कहा कि इस पहल से स्टेडियम में उपलब्ध सुविधाओं का विस्तार होगा और खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण मिलेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रबंधन को अधिक पेशेवर और समावेशी बनाया जाएगा, ताकि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिल सके। वहीं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्टेडियम को शहर की महत्वपूर्ण धरोहर बताते हुए कहा कि इसके संचालन में जनभागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही इस परिसर को बेहतर बनाया जा सकता है।

