एयर शो और एमएलसी चुनाव के लिए अभी से बनेगी सुरक्षा रणनीति, पुलिस आयुक्त ने बीट पुलिसिंग मजबूत करने और महिला अपराध हॉटस्पॉट पर निगरानी बढ़ाने के दिए निर्देश
वाराणसी। समय के साथ अपराध के तौर-तरीके बदल रहे हैं, ऐसे में पुलिसिंग में भी तकनीक और कार्यप्रणाली के स्तर पर लगातार बदलाव जरूरी है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को कैंप कार्यालय में राजपत्रित अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, आगामी आयोजनों और लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि तकनीकी दक्षता, बेहतर बीट व्यवस्था, मजबूत जनसंवाद और त्वरित कार्रवाई के जरिए वाराणसी की पुलिसिंग को और प्रभावी बनाया जाए।
पुलिस आयुक्त ने गोद लिए गए थानों को आदर्श थाना बनाने के लिए अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। व्यापारियों और पुलिसकर्मियों के साथ अलग-अलग संवाद कर उनकी समस्याएं जानने और समाधान कराने को कहा। थानों में पुलिसकर्मियों के आवास, मेस और अन्य समस्याओं को प्राथमिकता से दूर करने के साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता की जांच के निर्देश दिए गए।
सीसीटीवी और तकनीकी दक्षता बढ़ाने पर जोर
महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों पर अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए व्यापारियों और नागरिकों को जागरूक करने को कहा गया। सीसीटीएनएस, आईपीडीआर, एमआरएम, जीआरएम, जेडएफडी और आरटीसी समेत पुलिस पोर्टल की जानकारी के लिए बुकलेट तैयार कराने तथा पुलिसकर्मियों की समय-समय पर परीक्षा लेकर तकनीकी दक्षता जांचने के निर्देश दिए गए।
एयर शो और चुनाव की सुरक्षा योजना पहले से तैयार होगी
22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो तथा 23 अक्टूबर को होने वाले एमएलसी चुनाव को लेकर समन्वित सुरक्षा योजना बनाने को कहा गया। अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में रूट, पार्किंग, सीसीटीवी, मेडिकल टीम, शौचालय और अन्य जनसुविधाओं का पूर्व निरीक्षण कर कमियां दूर कराने के निर्देश दिए गए। चुनाव केंद्रों, पोलिंग पार्टियों के रवाना होने वाले स्थानों और आवागमन मार्गों की भी पहले से समीक्षा करने को कहा गया।
महिला अपराध के हॉटस्पॉट होंगे चिह्नित
यूपी-112 से मिलने वाली महिला अपराध संबंधी शिकायतों की निगरानी के लिए विशेष सेल गठित करने के निर्देश दिए गए। शिकायतों के घटनास्थलों का विश्लेषण कर महिला अपराध के हॉटस्पॉट चिह्नित किए जाएंगे। इन स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पीड़िताओं से फीडबैक लेकर शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
महत्वपूर्ण घटनाओं की सूचना छिपाने पर सख्ती
पुलिस आयुक्त ने कहा कि किसी भी महत्वपूर्ण घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए। राजपत्रित अधिकारी स्वयं मौके की स्थिति का संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। कोडीन कफ सिरप, जीएसटी फ्रॉड और एलयूसीसी फ्रॉड से जुड़ी महत्वपूर्ण विवेचनाओं की प्रभावी निगरानी तथा लंबित विभागीय जांचों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
पैदल भ्रमण और बीट पुलिसिंग पर भी फोकस
यातायात व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण पर कार्रवाई के लिए अधिकारियों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटे पैदल भ्रमण करने को कहा गया। यक्ष एप के अनुसार प्रत्येक थाने में बीट वितरण चार्ट तैयार होगा। प्रत्येक बीट में एक अनुभवी और एक नए आरक्षी की तैनाती तथा महिला आरक्षियों के लिए अलग बीट निर्धारित करने के निर्देश दिए गए।
आगामी विधानसभा और ग्राम पंचायत चुनावों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों और जातिगत-धार्मिक विवादों से जुड़े मामलों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। लंबित और कालबाधित विवेचनाओं की नियमित समीक्षा कर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया गया। बैठक में डीसीपी काशी गौरव बंशवाल, डीसीपी वरुणा राजेश कुमार पांडेय, डीसीपी गोमती नीतू समेत अन्य राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे।

