लंका गेट पर पेपर लीक के विरोध में लगा पोस्टर बना चर्चा का विषय, छात्र नेता ने उठाए सरकार पर सवाल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बीएचयू के मुख्य प्रवेश द्वार लंका गेट के पास लगाया गया एक बड़ा पोस्टर सोमवार को राहगीरों, छात्रों और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। पोस्टर में वर्ष 2014 से 2026 तक विभिन्न भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं के कथित पेपर लीक मामलों का उल्लेख करते हुए सरकार से युवाओं के भविष्य की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की गई है।

यह पोस्टर इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र नेता एवं कैंट विधानसभा क्षेत्र से जुड़े रजत वाल्मीकि की ओर से लगाया गया है। पोस्टर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव सहित कई वरिष्ठ नेताओं के चित्र लगाए गए हैं। सबसे प्रमुख स्थान पर अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ "युवाओं की समाजवादी सोच" लिखा गया है।

पोस्टर पर बड़े अक्षरों में "शिक्षा पर वार नहीं, अधिकार दो", "पेपर लीक बंद करो", "युवाओं के सपने मत तोड़ो" जैसे नारे लिखे गए हैं। साथ ही दावा किया गया है कि वर्ष 2014 से 2026 के बीच कुल 19 से अधिक बड़े पेपर लीक हुए हैं। पोस्टर में इन कथित पेपर लीक घटनाओं का क्रमवार उल्लेख भी किया गया है, ताकि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता पर सवाल उठाए जा सकें।

Share this story