सिगरा में 8.72 लाख की लागत से बनेगी नई सड़क, मेयर ने किया शिलान्यास
वाराणसी। शहर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए बुधवार को सिगरा वार्ड में नई सड़क निर्माण परियोजना का शिलान्यास किया गया। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने वार्ड संख्या 53 सिगरा स्थित डी-54/155एम-4-ए-एन सुधा आवास से अमरनाथ आवास तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।
नगर निगम द्वारा कराए जाने वाले इस निर्माण कार्य पर कुल 8.72 लाख रुपये की लागत व्यय की जाएगी। सड़क निर्माण से क्षेत्र के निवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही सड़क संबंधी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बनने से क्षेत्र में यातायात सुगम होगा तथा दैनिक आवागमन में होने वाली परेशानियां काफी हद तक कम हो जाएंगी।

इस दौरान महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से वाराणसी में विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है। नगर निगम शहर के सभी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और नागरिकों की जरूरतों के अनुसार विकास योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क, जलनिकासी, पेयजल और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसी क्रम में विभिन्न वार्डों में विकास परियोजनाओं को तेजी से पूरा कराया जा रहा है। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद सिंधु सोनकर, प्रवीण राय, रामगोपाल वर्मा, मंडल अध्यक्ष सोमनाथ यादव, उपाध्यक्ष सुमित मौर्या, पंकज पटेल सहित भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

