मिर्जामुराद हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से अधेड़ की मौत, परिजनों में मचा कोहराम, घटना के बाद चालक फरार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गय। घटना को अंजाम देने के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी रही। 

बिहड़ा गांव के सामने स्थित हाईवे पर एक अधेड़ व्यक्ति सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की गई, लेकिन देर शाम तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही फरार वाहन चालक की तलाश भी तेज कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी और आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this story