मालगाड़ी के डिब्बे पर चढ़ा मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक, बचाने गए रेलवे सिपाही को नीचे गिराकर किया घायल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक कोयले से लदी मालगाड़ी पर चढ़ गया। घटना प्लेटफार्म संख्या 5 और 6 के बीच स्थित लाइन संख्या 7 की है। युवक की हरकत के कारण करीब 20 मिनट तक रेल संचालन प्रभावित रहा और मालगाड़ी को रोके रखना पड़ा।

123

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लगभग 26 वर्षीय युवक अचानक मालगाड़ी के डिब्बों पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।

123

स्थिति को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इसी दौरान युवक ने अचानक आक्रामक रुख अपनाते हुए उसे बचाने पहुंचे जीआरपी के सिपाही अरुण यादव को ऊपर से धक्का दे दिया। धक्का लगने से सिपाही नीचे गिरकर घायल हो गए। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था कराई।

जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान की कमान संभाली। वहीं आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव ने भी तत्परता दिखाते हुए पूरी कार्रवाई का नेतृत्व किया। पुलिस और रेलवे अधिकारियों के संयुक्त प्रयास से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

Share this story