सीएनजी पंप के यार्ड में लगी भीषण आग, 40 फीट ऊपर उठती लपटें देख सहमे लोग, बंद करना पड़ा हाईवे का एक लेन, दमकल की 11 गाड़ियों ने घंटों मशक्कत के बाद पाया काबू
वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के करखियांव स्थित एक सीएनजी पंप के यार्ड में शुक्रवार की रात भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उसकी लपटें लगभग 40 फीट तक ऊंची उठने लगीं, जिन्हें कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था। घटना के बाद वाराणसी-जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के एक लेन पर आवागमन बंद करना पड़ा। सूचना के बाद वाराणसी और जौनपुर से दमकल की 11 गाड़ियां पहुंची। फायरब्रिगेड की टीम ने घंटों मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया।
सीएनजी पंप के पीछे स्थित गोदाम में रात करीब 9:10 बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। गोदाम में सीएनजी पाइप समेत अन्य उपकरण रखे हुए थे। प्रारंभिक स्तर पर पंप कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बुझने की बजाय भड़कती ही गई। देखते ही देखते आग ने सीएनजी यार्ड को भी अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही फूलपुर फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग और बढ़ती गई। धीरे-धीरे वाराणसी के आसपास के सभी फायर स्टेशनों से गाड़ियां बुलाई गईं। घंटों की मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। एहतियात के तौर पर पुलिस ने वाराणसी-जौनपुर हाईवे की एक लेन पर आवागमन बंद करा दिया। घटना के चलते मौके पर अफरातफरी का माहौल रहा।

जानकारों ने घटना के लिए लापरवाही को जिम्मेदार माना है। उनकी मानें तो सीएनजी स्टेशनों पर सुरक्षा मानकों का खासा ध्यान रखा जाना चाहिए, लेकिन स्टेशन के पीछे गोदाम बना दिया गया। गोदाम में रखी सामग्री के चलते आग और भड़क गई। अग्निशमन विभाग घटना के पीछे कारणों की जांच में जुटा है।

