वाराणसी में सड़क पर चलते ट्रक में लगी भीषण आग, मची अफरातफरी, फायरब्रिगेड की टीम ने पाया काबू
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर चौराहे के समीप गुरुवार की रात सड़क पर चलते ट्रक में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। हालांकि, फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से आग पर महज 15 से 20 मिनट के भीतर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक सामान्य गति से सड़क पर चल रहा था। इसी दौरान वाहन के पिछले टायर के पास से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते धुआं आग की लपटों में बदल गया और आग तेजी से फैलने लगी। चालक तुरंत वाहन से बाहर निकल गया। इससे उसकी जान बच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को जानकारी दी। सुरक्षा की दृष्टि से कुछ समय के लिए सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए और आग आसपास के वाहनों तक न फैल सके।
सूचना पर भेलूपुर फायर स्टेशन से दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तेजी से मोर्चा संभालते हुए करीब 15 से 20 मिनट के भीतर आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रक का पिछला हिस्सा आग की चपेट में आने से वाहन को नुकसान पहुंचा है।

