मड़ौली में पंखा गोदाम में लगी भीषण आग, 25 करोड़ का सामान जलकर हुआ नष्ट, आसपास के मकान खाली कराए

WhatsApp Channel Join Now

 

 

केमिकल-थिनर के ड्रमों ने बढ़ाई आग की लपटें, दीवारों में पड़ीं दरारें, 12 से अधिक दमकल वाहन और 45 जवानों ने संभाला मोर्चा

 

भोर में सुरक्षा गार्ड ने देखा धुआं, कुछ ही देर में विकराल हुई आग, 22 हजार लीटर क्षमता वाले बड़े वाटर बाउजर से की गई पानी की बौछार

 

वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के मड़ौली तिराहे के पास सोमवार तड़के रवि पंखा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम में भीषण आग लग गई। करीब 10 बिस्वा से अधिक क्षेत्रफल में बने गोदाम में रखे तैयार पंखे, मशीनरी और निर्माण सामग्री समेत करोड़ों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गोदाम की पक्की दीवारों में जगह-जगह दरारें पड़ गईं। आग के दौरान अंदर से लगातार धमाकों की आवाज आती रही, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।


सुरक्षा गार्ड ने सबसे पहले देखा धुआं
सोमवार की भोर में गोदाम पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने परिसर से धुआं उठता देखा। कुछ ही देर में आग की लपटें दिखाई देने लगीं। गार्ड ने तत्काल गोदाम के मैनेजर अनादि शंकर गुप्ता और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। दमकल की गाड़ियां पहुंचने तक आग काफी विकराल हो चुकी थी।


थिनर और केमिकल से तेजी से फैली आग
फायर अधिकारियों के मुताबिक गोदाम में बड़ी संख्या में तैयार पंखों के अलावा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली कच्ची सामग्री रखी थी। फिनिशिंग और रंगाई के लिए इस्तेमाल होने वाला थिनर, साल्वेंट, तारपीन, ग्रीस और अन्य ज्वलनशील रसायनों से भरे ड्रम भी मौजूद थे। इनके कारण आग तेजी से फैल गई। बीच-बीच में धमाकों की आवाज से बचाव कार्य में जुटे जवानों को भी काफी सतर्कता बरतनी पड़ी।

 

22 हजार लीटर के वाटर बाउजर से बुझाई गई आग
फायर ऑफिसर भेलूपुर विनोद कुमार पांडेय और फायर ऑफिसर चेतगंज दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में अग्निशमन टीम ने मोर्चा संभाला। आग पर काबू पाने के लिए 12 से अधिक दमकल वाहन और करीब 45 जवान लगाए गए। पहली बार वाराणसी में 22 हजार लीटर क्षमता वाले बड़े जल बाउजर का इस्तेमाल किया गया। इससे लगातार 25 से 30 मिनट तक पानी की तेज बौछार की गई। पानी की अतिरिक्त जरूरत को देखते हुए कंपनी और कोल्ड स्टोरेज से भी टैंकर मंगाए गए।

123
बेसमेंट से दूसरी मंजिल तक पहुंची आग
आग का असर गोदाम के बेसमेंट, प्रथम तल और द्वितीय तल तक पहुंच गया। भीषण गर्मी के कारण कई स्थानों पर दीवारें फट गईं और शीशे चटक गए। भवन के कमजोर होने की आशंका को देखते हुए दमकलकर्मियों ने सुरक्षित दूरी बनाकर आग बुझाने का अभियान चलाया।


इलाका कराया खाली, लोगों को हटाया
घटना की सूचना मिलते ही मंडुवाडीह थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दीवारों में दरार और भवन के कमजोर होने की आशंका को देखते हुए आसपास का इलाका खाली कराया गया। नजदीकी आवासीय भवनों में रहने वाले लोगों को भी सुरक्षा के लिहाज से बाहर निकाला गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी।


25 करोड़ के नुकसान का प्रारंभिक अनुमान
प्रारंभिक आकलन के अनुसार अग्निकांड में करीब 25 करोड़ रुपये के सामान और मशीनरी के नुकसान की आशंका है। गोदाम द स्माल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष राजीव जयपुरिया और उनके भाई संजीव जयपुरिया का बताया जा रहा है। उद्यमी राजेश भाटिया भी मौके पर पहुंचे। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने और गोदाम की स्थिति सामान्य होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Share this story