मणि मंदिर में गृहस्थों की रसोई से सजी अन्नकूट की भव्य झांकी, तीन हजार भक्तों ने चढ़ाया नैवेद्य, 151 क्विंटल प्रसाद और 151 प्रकार के व्यंजनों का लगा भोग

WhatsApp Channel Join Now

श्रीअन्न से बने पकवानों ने खींचा श्रद्धालुओं का ध्यान, लड्डुओं से बना शिवालय रहा आकर्षण का केंद्र

वाराणसी। अन्नकूट पर्व पर सोमवार को दुर्गाकुंड स्थित श्रीमणि मंदिर (श्रीधर्मसंघ) में सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। यहां गृहस्थों ने अपने घरों में तैयार किए गए पकवान और नैवेद्य भगवान को अर्पित कर सुख-समृद्धि और धन-धान्य की कामना की। घर की रसोई से तैयार प्रसाद से ठाकुर जी की भव्य झांकी सजाई गई। पांच वर्ष पूर्व शुरू हुई इस अनूठी परंपरा में इस बार तीन हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

123

सुबह छह बजे से ही भक्तों के मंदिर पहुंचने और थालियों में घर के बने पकवान अर्पित करने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो देर शाम तक चलता रहा। कार्यक्रम संयोजक एवं धर्मसंघ के महामंत्री पं. जगजीतन पाण्डेय ने बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं में घर से नैवेद्य लाने को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सद्भाव और समरसता को बढ़ावा देना है।

काशी के विशिष्टजनों ने भी चढ़ाया नैवेद्य
अन्नकूट महोत्सव में काशी के कई विशिष्टजनों ने भी अपने घरों में तैयार प्रसाद भगवान को अर्पित किया। इनमें पद्मभूषण प्रो. वशिष्ठ त्रिपाठी, पद्मभूषण प्रो. देवी प्रसाद द्विवेदी, पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र, पद्मश्री डॉ. केके त्रिपाठी और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय समेत जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, अधिवक्ता और पत्रकार शामिल रहे।

123

151 क्विंटल प्रसाद से सजी दिव्य झांकी
धर्मसंघ पीठाधीश्वर स्वामी शंकरदेव चैतन्य ब्रह्मचारी जी महाराज के सानिध्य में मंदिर की ओर से 151 क्विंटल प्रसाद का भोग लगाया गया। इसमें 151 प्रकार के व्यंजन शामिल रहे। विशेष रूप से श्रीअन्न से तैयार मक्का, बाजरा और रागी के लड्डुओं सहित विभिन्न पकवान भगवान को अर्पित किए गए। मंदिर के मुख्य मंडप में लड्डुओं से निर्मित शिवालय श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।

123

मंदिर में स्थापित श्रीराम दरबार, माता अन्नपूर्णेश्वरी, नर्वदेश्वर शिवलिंग, द्वादश स्फटिक शिवलिंग, गणपति, मां दुर्गा, राधा-कृष्ण, मेहंदीपुर बालाजी और स्वामी करपात्री जी महाराज सहित अन्य देव विग्रहों के समक्ष भी भोग की भव्य झांकी सजाई गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर को विद्युत झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शाम को पं. जगजीतन पाण्डेय के आचार्यत्व में देव विग्रहों की भव्य आरती उतारी गई। बटुकों ने स्वस्तिवाचन कर मां अन्नपूर्णेश्वरी की आराधना की।

BK Pathak
BK Pathak

21677 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story