अन्नकूट पर बाबा विश्वनाथ की चल प्रतिमा की निकली भव्य शोभायात्रा, विविध व्यंजनों का लगा भोग; सैकड़ों साल पुरानी परंपरा का हुआ निर्वहन
वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में अन्नकूट पर्व पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में सैकड़ों वर्ष पुरानी परंपरा का श्रद्धा और भव्यता के साथ निर्वहन किया गया। इस अवसर पर बाबा विश्वनाथ की चल प्रतिमा की पारंपरिक शोभायात्रा निकाली गई। महंत आवास टेढ़ी नीम से शुरू हुई धार्मिक प्रक्रिया के बाद बाबा की चल प्रतिमा को विधि-विधान के साथ मंदिर के गर्भगृह में स्थापित किया गया। इसके बाद बाबा को विविध व्यंजनों से सुसज्जित अन्नकूट का भोग अर्पित किया गया।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पूर्व महंत स्वर्गीय डॉ. प्रकाश तिवारी के पुत्र वाचस्पति तिवारी ने बताया कि अन्नकूट पर्व की पारंपरिक शुरुआत महंत आवास टेढ़ी नीम से हुई। यहां पूजा-अर्चना के बाद बाबा विश्वनाथ की चल प्रतिमा की शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान वर्षों से चली आ रही धार्मिक परंपराओं का पूरी श्रद्धा के साथ पालन किया गया।

पारंपरिक मार्ग से गर्भगृह पहुंची प्रतिमा
बाबा विश्वनाथ की चल प्रतिमा महंत आवास टेढ़ी नीम से निकलकर साक्षी विनायक और ढूंढिराज गणेश होते हुए आगे बढ़ी। इसके बाद अन्नपूर्णा मंदिर के ठीक सामने स्थित बाबा विश्वनाथ द्वार से होते हुए मंदिर के मुख्य गर्भगृह पहुंची। निर्धारित पारंपरिक मार्ग से शोभायात्रा निकालना इस आयोजन की विशिष्ट पहचान रही।

अन्नकूट भोग के बाद श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
गर्भगृह में बाबा की चल प्रतिमा स्थापित किए जाने के बाद उन्हें विभिन्न प्रकार के पकवानों का अन्नकूट भोग अर्पित किया गया। धार्मिक मान्यता के अनुसार अन्नकूट पर्व पर भगवान को तरह-तरह के व्यंजनों का भोग लगाने की परंपरा है। भोग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद काशीवासियों और देश-दुनिया से आए श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की व्यवस्था खोली गई। भक्तों ने बाबा विश्वनाथ के दिव्य स्वरूप का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। सैकड़ों वर्षों से चली आ रही यह परंपरा एक बार फिर काशी की धार्मिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान की जीवंत मिसाल बनी।

