फुलवरिया फोरलेन के पास 15 एकड़ में विकसित होगा भव्य ग्रीन पार्क, म्यूजिकल फाउंटेन भी बनेगा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में हरियाली बढ़ाने और लोगों को बेहतर सार्वजनिक मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम फुलवरिया फोरलेन के समीप करीब 15 एकड़ भूमि में नया ग्रीन पार्क विकसित करेगा। इसके लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रही है। पार्क को काशी की संस्कृति और भव्यता को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा।

प्रस्तावित पार्क में हरियाली के साथ आकर्षक म्यूजिकल फाउंटेन भी विकसित किया जाएगा। इसके अलावा लोगों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कसरत के लिए विभिन्न उपकरण, योगासन के लिए स्थान, ओपन जिम, खेलकूद की सुविधाएं और औषधीय पौधों का बगीचा तैयार करने की योजना है। इससे स्थानीय लोगों के साथ आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को भी एक बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हो सकेगा।

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार पार्क का विकास पर्यावरण संरक्षण के साथ लोगों की मनोरंजन और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाएगा। पार्क में पर्याप्त हरियाली और पौधरोपण के साथ इसे आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। औषधीय पौधों के लिए अलग से बगीचा विकसित किए जाने की योजना है, जिससे लोगों को विभिन्न उपयोगी पौधों की जानकारी भी मिल सकेगी।

पार्क की खासियत म्यूजिकल फाउंटेन होगा। अधिकारियों के मुताबिक इसमें पानी की फुहारों को संगीत की लय के अनुरूप नियंत्रित किया जाता है। लेजर लाइट और विभिन्न रंगों की रोशनी के संयोजन से फाउंटेन को आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। इसके संचालन के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए नोजल, पंप, लेजर और रोशनी प्रणाली का इस्तेमाल किया जाएगा।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि शहर के बेहतर वातावरण को ध्यान में रखते हुए इस पार्क को विकसित किया जाएगा। काशी की संस्कृति और भव्यता के अनुरूप पार्क को तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्क के विकसित होने से क्षेत्र के लोगों को हरियाली के बीच स्वास्थ्य, मनोरंजन और खेलकूद के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। नगर निगम की ओर से भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्क के विकास की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this story