काशी में निकलेगी भव्य गोवर्धन शोभायात्रा, केदारनाथ मंदिर की झांकी और लट्ठबाजी होगी आकर्षण का केंद्र, कार्यक्रम में शामिल होंगे एमपी के सीएम मोहन यादव
वाराणसी। काशी में आगामी 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा समिति की ओर से पारंपरिक और ऐतिहासिक गोवर्धन पूजनोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विशाल शोभायात्रा और आध्यात्मिक सभा आयोजित होगी। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव विशिष्ट अतिथि होंगे।
आयोजन की शुरुआत गोवर्धन धाम में सुबह आरती के साथ होगी। इसके बाद विधिवत हवन-पूजन का कार्यक्रम पूर्वाह्न 11 बजे तक चलेगा। दोपहर 12 बजे चेतगंज स्थित हथुआ मार्केट से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। परमवीर चक्र विजेता कैप्टन योगेंद्र यादव शोभायात्रा का उद्घाटन करेंगे। यात्रा लहुराबीर, कबीरचौरा, मैदागिन, मछोदरी, प्रहलादघाट और भैंसासुर होते हुए नमो घाट पहुंचेगी। शाम पांच बजे शोभायात्रा सभा में परिवर्तित हो जाएगी।
धार्मिक झांकियां और बनारसी लट्ठबाजी होंगी आकर्षण
शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण, भगवान शिव-पार्वती और भगवान श्रीराम से जुड़ी विभिन्न आध्यात्मिक झांकियां शामिल होंगी। इसमें दूर-दराज से आने वाली झांकियों के साथ काशीवासियों और ग्वाल-बालों की टोली विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। पारंपरिक बनारसी लट्ठबाजी (पटा बनेठी) का प्रदर्शन भी किया जाएगा। वहीं, केदारनाथ मंदिर की भव्य झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी। आयोजन को लेकर समिति की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
10 विभूतियों को मिलेगा गोवर्धन श्री सम्मान
शाम पांच बजे नमो घाट स्थित गोवर्धन धाम के ओपेन थिएटर में विशाल आध्यात्मिक सभा का शुभारंभ होगा। इसमें शिक्षा, खेल, चिकित्सा, व्यापार और समाजसेवा समेत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 10 विभूतियों को 'गोवर्धन श्री सम्मान' से सम्मानित किया जाएगा। आयोजन को लेकर गोवर्धन पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद यादव गप्पू, महामंत्री जयप्रकाश यादव, उपाध्यक्ष अजय यादव अज्जू, विनोद यादव, अभय स्वाभिमानी, विनय यादव और राजेश अहीर सहित अन्य पदाधिकारी सक्रिय हैं। समिति का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से धार्मिक परंपराओं, आध्यात्मिक चेतना और काशी की सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाना है।

