नदेसर मिंट हाउस पर चल रहा था जुए का अड्डा, चौकी प्रभारी, एसआई समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित, एसओ की भूमिका की भी जांच 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने थाना कैंट क्षेत्र के नदेसर चौकी अंतर्गत बड़े पैमाने पर संचालित अवैध जुआ के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले में थाना प्रभारी की भूमिका की भी अलग से जांच कराई जा रही है। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि कमिश्नरेट में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के प्रति "जीरो टॉलरेंस" की नीति लागू है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नदेसर चौकी क्षेत्र के मिंट हाउस तिराहे के पास लंबे समय से अवैध जुए का अड्डा संचालित होने की सूचना मिलने पर पुलिस आयुक्त ने स्वयं संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद 27/28 जुलाई 2026 की रात वरिष्ठ अधिकारियों ने चौकी प्रभारी और पुलिस टीम के साथ मौके पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। मौके से ₹21,000 मालफड़, तीन नोट गिनने की मशीनें, 52 ताश के पत्ते तथा 10 गड्डी नए ताश के पत्ते बरामद किए गए। इस संबंध में थाना कैंट में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रकरण की समीक्षा में सामने आया कि संबंधित स्थान पर काफी समय से अवैध जुआ संचालित हो रहा था, लेकिन स्थानीय पुलिस ने न तो प्रभावी रोकथाम की और न ही उच्च अधिकारियों को समय रहते इसकी जानकारी दी। इसे कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए चौकी प्रभारी नदेसर उपनिरीक्षक सुमित पांडेय, हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक लल्लन यादव और मुख्य आरक्षी शनि विश्वकर्मा को तत्काल निलंबित कर दिया गया।

इसके अलावा, स्थानीय थाना स्तर पर निगरानी और पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी को देखते हुए थाना प्रभारी की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आयुक्त ने कहा कि कमिश्नरेट वाराणसी में अपराधमुक्त और पारदर्शी पुलिस व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून-व्यवस्था से समझौता करने वाले किसी भी व्यक्ति या पुलिसकर्मी के विरुद्ध निष्पक्ष एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share this story