वाराणसी में पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच क्रिकेट मुकाबला, कमिश्नर की कप्तानी में पुलिस टीम ने दर्ज की रोमांचक जीत
वाराणसी। पुलिस लाइन मैदान में रविवार को पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस और वकीलों के बीच मुकाबला हुआ। पुलिस कमिश्नर की कप्तानी में खेलते हुए पुलिस टीम ने रोमांचक जीत दर्ज की। इस विशेष मुकाबले में पुलिस कमिश्नरेट टीम के साथ बनारस सेंट्रल बार एसोसिएशन और बनारस बार एसोसिएशन की टीमों ने हिस्सा लिया।

इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल खुद मैदान में उतरे और अपनी टीम की कप्तानी संभाली। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन आपसी विश्वास को बढ़ाने और एक-दूसरे को बेहतर ढंग से समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उनकी मौजूदगी ने खिलाड़ियों में अलग ही जोश भर दिया।

15-15 ओवर का यह मुकाबला शुरुआत से ही रोमांच से भरपूर रहा। शुरुआती ओवरों में पुलिस टीम को कुछ झटके लगे, जिससे मुकाबला कड़ा होता नजर आया। हालांकि, मध्य ओवरों में पुलिस टीम के खिलाड़ियों ने शानदार वापसी करते हुए खेल का रुख बदल दिया। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में संतुलित प्रदर्शन करते हुए पुलिस टीम ने अंत तक संघर्ष बनाए रखा।

मैच का परिणाम आखिरी ओवर में जाकर तय हुआ, जिससे मैदान पर मौजूद दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। हर गेंद पर रोमांच बढ़ता गया और अंततः पुलिस कमिश्नरेट टीम ने शानदार जीत दर्ज की। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ-साथ दर्शकों की तालियों और उत्साह ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया।

मैच के बाद बार एसोसिएशन के एक वरिष्ठ अधिवक्ता ने कहा कि खेल में हार-जीत मायने नहीं रखती, बल्कि खेल भावना सबसे बड़ी होती है। उन्होंने पुलिस टीम को जीत की बधाई देते हुए कहा कि यह मुकाबला एक श्रृंखला का हिस्सा है और भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि जो अधिवक्ता इस बार भाग नहीं ले सके, उन्हें आगामी मैचों में खेलने का अवसर दिया जाएगा।

अधिवक्ता ने पुलिस और वकीलों के संबंध को “चोली-दामन का साथ” बताते हुए कहा कि दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं और इस तरह के आयोजन आपसी सहयोग को और मजबूत करते हैं। इस दौरान पुलिस कमिश्नर ने यह भी घोषणा की कि पुलिस लाइन मैदान में जल्द ही फ्लड लाइट्स लगाई जाएंगी। अनुमान है कि अगले 15 दिनों में यह सुविधा शुरू हो जाएगी, जिससे रात में भी खेल गतिविधियों का आयोजन संभव हो सकेगा।




