बाबतपुर चौराहे पर दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आने से बुलेट सवार व्यवसायी की मौत, क्षेत्र में शोक 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के बाबतपुर चौराहे पर बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बुलेट सवार एक युवा व्यवसायी की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सामान्य कराया।

मृतक की पहचान अस्मित पटेल पुत्र निवासी पूरा रघुनाथपुर के रूप में हुई है। वह क्षेत्र के चर्चित आस्था ढाबा के संचालक बताए जा रहे हैं। उनके आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि स्थानीय व्यापारियों, शुभचिंतकों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अस्मित पटेल अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से बाबतपुर चौराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान किसी कारणवश उनकी बाइक अनियंत्रित होकर एक ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ट्रक के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही फूलपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही सड़क पर बाधित यातायात को सुचारु कराया गया।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक की भूमिका और हादसे की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

युवा व्यवसायी अस्मित पटेल के असामयिक निधन से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से बाबतपुर चौराहे पर यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ करने, भारी वाहनों की निगरानी बढ़ाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Share this story