मलदहिया में 45 फीट के रावण के पुतले का होगा दहन, निकलेगी भव्य शोभायात्रा, होगी शानदार आतिशबाजी
वाराणसी। विजयादशमी पर मलदहिया चौराहा जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठेगा। समाज सेवा संघ की ओर से यहां भव्य रावण दहन समारोह आयोजित किया जाएगा। शाम छह बजे 45 फीट ऊंचे दस मुख वाले रावण के पुतले का दहन होगा। इस दौरान शानदार आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
संघ के अध्यक्ष मंगल सोनी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4:30 बजे कृष्णा धर्मशाला से निकलने वाली शोभायात्रा से होगी। इसमें भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान जी की झांकी शामिल रहेगी। शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए मालदहिया चौराहे पहुंचेगी, जहां निर्धारित समय पर रावण दहन किया जाएगा।
संस्थापक महामंत्री तिलकराज कपूर ने कहा कि यह आयोजन बुराई पर अच्छाई, अधर्म पर धर्म और अहंकार पर सदाचार की विजय का संदेश देगा। उपाध्यक्ष कमल सलूजा और विनय दत्ता ने बताया कि समारोह के लिए प्रशासनिक अनुमति प्राप्त कर ली गई है। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा।
ऑडिटर दीपक माली ने बताया कि रावण का पुतला लालपुर निवासी शमशाद ने तैयार किया है। आयोजन की तैयारियों में कोषाध्यक्ष प्रवेश भोला, रथ प्रभारी चमनजीत सलूजा और कोऑर्डिनेटर दिनेश कालरा सहित अन्य सदस्य जुटे हैं।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री रविंद्र जायसवाल और विशिष्ट अतिथि के रूप में एमएलसी धर्मेंद्र सिंह शामिल होंगे। निष्कर्ष सोनी, मयंक सलूजा, चंद्रकांत त्रिपाठी, सूरज कपूर, डॉ. आयुष मिश्रा, विक्की सलूजा, संदीप दादा, किशोर कपूर, प्रदीप मल्होत्रा और रंजन कोहली सहित संघ के अन्य सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।

