नई सड़क में बद्रीनाथ धाम की तर्ज पर सजेगा दुर्गा पूजा पंडाल, लगेगी मां की 30 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा 

WhatsApp Channel Join Now

इलेक्ट्रॉनिक संवाद के बाद राक्षस का संहार करेंगी देवी, 47 वर्षों से चली आ रही है भव्य पूजा की परंपरा

नवरात्र में श्रद्धालुओं को दिखेगी मां दुर्गा के प्राकट्य से राक्षस वध तक की विशेष झांकी, धार्मिक कथा के साथ भव्य दृश्य प्रस्तुति की तैयारी

वाराणसी। शारदीय नवरात्र में नई सड़क स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज का दुर्गा पूजा पंडाल इस बार श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है। पूजा समिति की ओर से इस वर्ष पंडाल को बद्रीनाथ धाम की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है। भव्य सजावट के बीच करीब 30 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। प्रतिमा के साथ विशेष दृश्य प्रस्तुति भी होगी, जिसमें मां दुर्गा राक्षस का संहार करती नजर आएंगी।

123

पूजा समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रोहित चौरसिया ने बताया कि श्रद्धालुओं को मां दुर्गा के प्राकट्य से लेकर राक्षस वध तक की विशेष झांकी देखने को मिलेगी। प्रस्तुति को आकर्षक बनाने के लिए मां दुर्गा और राक्षस के बीच इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से संवाद कराया जाएगा। संवाद के बाद मां दुर्गा राक्षस का वध करती हुई दिखाई देंगी। धार्मिक कथा को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत करने की तैयारी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को आस्था के साथ भव्य दृश्य अनुभव भी मिल सके।

123

उन्होंने बताया कि नई सड़क स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज में पिछले 47 वर्षों से लगातार दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष यहां भव्य प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन होता है। समय के साथ पूजा पंडाल और प्रतिमा के स्वरूप में नए प्रयोग किए जाते रहे हैं। इसी क्रम में इस बार बद्रीनाथ धाम के स्वरूप में पंडाल तैयार किया जा रहा है।

पूजा समिति के अनुसार नवरात्र के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडाल में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। विशेष दिनों में भीड़ और बढ़ने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की तैयारी की जा रही है।

123

समिति पदाधिकारियों का कहना है कि आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ मां दुर्गा की शक्ति और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश श्रद्धालुओं तक पहुंचाना है। बद्रीनाथ धाम की प्रतिकृति, 30 फीट ऊंची प्रतिमा और इलेक्ट्रॉनिक संवाद के बाद राक्षस वध की प्रस्तुति इस बार आयोजन को विशेष बनाने की तैयारी में है।

Share this story