बनारस रेलवे स्टेशन पर बनेगा 12 मीटर चौड़ा तीसरा फुटओवरब्रिज, यात्रियों को होगी सहूलियत

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बनारस रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती संख्या और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए एक और फुटओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बनने वाला यह नया फुटओवरब्रिज 12 मीटर चौड़ा होगा। इसके निर्माण के बाद यात्रियों को प्लेटफॉर्म नंबर एक से आठ तक आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी और प्लेटफॉर्मों पर दबाव भी कम होगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्टेशन पर पहले से दो फुटओवरब्रिज संचालित हैं, जिनके माध्यम से यात्री प्लेटफॉर्मों तक पहुंचते हैं। नया फुटओवरब्रिज बनने के बाद प्लेटफॉर्म नंबर एक से सीधे सभी प्लेटफॉर्मों तक पहुंच आसान हो जाएगी। इसके अलावा स्टेशन परिसर में एक नया एस्केलेटर भी लगाया जाएगा, जिससे यात्रियों को और अधिक सुविधा मिलेगी।

बनारस रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री दिल्ली, लखनऊ, मुंबई, आगरा, पुणे, सोनभद्र, देहरादून सहित विभिन्न शहरों के लिए यात्रा करते हैं। वर्तमान में स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त सुविधाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।

हाल ही में रेलवे महाप्रबंधक ने स्टेशन का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। माना जा रहा है कि तीसरे फुटओवरब्रिज के निर्माण से स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगी।

Share this story