बीएचयू के छात्रों को डिप्रेशन से बचाएगा 10 मिनट का वीडियो, मेंटल हेल्थ होगा बेहतर

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बीएचयू के विद्यार्थियों को अवसाद (डिप्रेशन) जैसी मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आईएमएस-बीएचयू के मेडिसिन विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक एवं विभागाध्यक्ष प्रो. संजय गुप्ता के निर्देशन में एक विशेष 10 मिनट का वीडियो तैयार किया गया है। इस वीडियो में डिप्रेशन के कारणों, लक्षणों, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है।

वीडियो में यह संदेश भी दिया गया है कि डिप्रेशन कोई कमजोरी नहीं, बल्कि एक चिकित्सकीय समस्या है, जिसका समय रहते उपचार संभव है। विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए वीडियो में आवश्यक परामर्श और सुझाव भी शामिल किए गए हैं।

बुधवार को आयोजित एक कार्यक्रम में वीडियो का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा छात्रों के साथ हुई चर्चा के दौरान प्रो. संजय गुप्ता ने बताया कि उच्च शिक्षण संस्थानों में 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के 1,628 छात्रों पर किए गए एक सर्वेक्षण में कई चिंताजनक तथ्य सामने आए हैं। अध्ययन के अनुसार, बड़ी संख्या में छात्र मध्यम से उच्च स्तर की चिंता, अवसाद, व्यवहारगत समस्याओं तथा भावनात्मक नियंत्रण में कमी जैसी मानसिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मानसिक तनाव केवल पढ़ाई का दबाव नहीं, बल्कि जीवन-परिस्थितियों और अन्य कारकों से भी जुड़ा होता है। कई बार छात्र आत्महत्या जैसे गंभीर कदम उठाने का प्रयास भी करते हैं, जिसे समय रहते जागरूकता और परामर्श के माध्यम से रोका जा सकता है।

प्रो. गुप्ता ने बताया कि यह वीडियो अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि प्रत्येक कक्षा में सप्ताह में एक बार इस 10 मिनट के वीडियो का प्रदर्शन किया जाए तो विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय और चिकित्सा संस्थान के कई शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे। विशेषज्ञों ने मानसिक स्वास्थ्य को शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए विद्यार्थियों के लिए नियमित परामर्श और जागरूकता कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल दिया।

Share this story