वाराणसी : वशिष्ठ नारायण त्रिपाठी बने काशी विद्वत परिषद के नए अध्यक्ष 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। संस्कृत के प्रकांड विद्वान पद्मभूषण वशिष्ठ त्रिपाठी अब काशी विद्वत परिषद के नये अध्यक्ष होंगे। पूर्व अध्यक्ष पद्मश्री रामयत्न त्रिपाठी के पिछले दिनों निधन के बाद काशी विद्वत परिषद अध्यक्ष पद खाली था। इसलिए उस पद के कार्यभार के लिए योग्य व्यक्ति की तलाश थी। गुरूवार को वशिष्ठ त्रिपाठी के नाम की घोषणा कर दी गई।

पद्म भूषण सम्मान के सम्मानित संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व प्रति कुलपति व न्याय शास्त्र के विद्वान प्रो. वशिष्ठ त्रिपाठी को न्याय विद्या के वशिष्ठ, ज्ञान-दान के दधीचि भी कहा जा सकता है। मूलतः देवरिया जिले के निवासी राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित प्रो. वशिष्ठ त्रिपाठी की शिक्षा-दीक्षा बनारस में हुई।

वर्ष 1961 में संस्कृत विश्वविद्यालय से आचार्य की उपाधि हासिल की। विश्वविद्यालय से उस समय न्याय विद्या से आचार्य करने वाले एकमात्र छात्र प्रो. वशिष्ठ त्रिपाठी ही थे। न्याय व वैशेषिक विभाग से वर्ष 2001 में रिटायर प्रो. त्रिपाठी 81 वर्ष की आयु में अब भी छह-सात घंटे रोज पढ़ाते हैं। 

Share this story