वाराणसी : कायस्थ समाज ने धूमधाम से निकाली भगवान चित्रगुप्त की शोभायात्रा, सरकार के दो मंत्री हुए शामिल
रिपोर्टर- सोनू कुमार
वाराणसी। भगवान चित्रगुप्त की जयंती के अवसर पर गुरूवार को अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में प्रदेश सरकार के श्रम मंत्री अनिल राजभर, आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु‘, भाजपा कांशी प्रांत के अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, हिंदू युवा वाहिनी के अम्बरीष सिंह भोला, कायस्थ समाज समेत अन्य लोग शामिल रहे।

भगवान चित्रगुप्त की शोभायात्रा टाउनहाल से शुरू हुई। इससे पहले लेखनी की पूजा की गई। इसके बाद शोभायात्रा धीरे-धीरे कबीरचौरा की ओर बढ़ी। इसमें भगवान चित्रगुप्त, शिव-पार्वती समेत एक दर्जन से अधिक झांकियां शामिल रही। बैंड बाजे की धुन पर समाज के लोग चित्रगुप्त भगवान के जयकारे लगाते चल रहे थे। शोभायात्रा में समाज की महिलाएं भी शामिल रहीं।

इस मौके पर श्रम मंत्री अनिल राजभर ने समाज के लोगों को बधाई दी। भाजपा काशी प्रांत के अध्यक्ष महेशचंद्र श्रीवास्तव ने कहाकि भगवान चित्रगुप्त की जयंती विशेषकर कायस्थ समाज मनाता है लेकिन अब लेखनी से जुड़े हर समाज के लोग उनकी जयंती मनाते हैं। पूरे जोश और उत्साह के साथ निकली यह शोभायात्रा लहुरावीर, तेलियाबाग, अंधरापुल होते हुए नदेसर मिंट हाउस पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के पास आकर समाप्त हुई। सनातन धर्म में मान्यता है कि भगवान चित्रगुप्त संसार के सभी प्राणियों के पाप पुण्य का लेखा जोखा करते हैं। भगवान चित्रगुप्त का प्राकट्य ब्रह्माजी की काया से हुआ है। चित्रगुप्त के वंशज कायस्थ कहलाते हैं।






