काशी के आसमान में दिखेगा वायु सेना के वायु शक्ति का रोमांच, 90 लड़ाकू विमान भरेंगे उड़ान, तैयारी में जुटा प्रशासन
वाराणसी। देव दीपावली से पहले काशी के गंगा घाट वायु शक्ति के अद्भुत प्रदर्शन के साक्षी बनेंगे। 24, 25 और 26 अक्तूबर को गंगा घाटों के ऊपर करीब डेढ़ घंटे का एयर शो आयोजित किया जाएगा। इसमें राफेल समेत करीब 90 लड़ाकू विमान हिस्सा लेंगे। सुखोई, तेजस और मिग जैसे लड़ाकू विमान भी प्रदर्शन का हिस्सा होंगे। विमान प्रयागराज और लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर से उड़ान भरकर एयर शो में शामिल होंगे।
25 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, राज्यापाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सीडीएस और तीनों सेनाओं के प्रमुख काशी में मौजूद रहेंगे। पूर्व सैन्य प्रमुखों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। सभी अतिथि नमो घाट से एयर शो का नजारा देखेंगे। अधिकारियों के अनुसार डोमरी क्षेत्र से एयर शो का दृश्य सबसे बेहतर दिखाई देगा, इसलिए वहां विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
हर घाट पर वॉच टावर, स्नाइपर और मेटल डिटेक्टर
एयर शो को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रहेगी। प्रत्येक घाट पर वॉच टावर बनाए जाएंगे। इन पर स्नाइपर और दूरबीन से निगरानी करने वाले जवान तैनात रहेंगे। एटीएस कमांडो की दो टीमें आएंगी, जिन्हें छह प्रमुख स्थानों पर तैनात किया जाएगा। हर घाट पर दो मेटल डिटेक्टर और बैगेज स्कैनर लगाए जाएंगे। नाव और क्रूज का संचालन बंद रहेगा। सुरक्षा कर्मी नावों से लगातार पेट्रोलिंग करेंगे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए शहर में 50 स्थानों पर पार्किंग और इतने ही स्थानों पर पुलिस हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। ट्रैफिक, फायर, रेलवे, स्वास्थ्य, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ समेत सभी विभागों को तैयारियों में लगाया गया है।
अस्पतालों में 200 बेड आरक्षित
एयर शो के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सरकारी और निजी अस्पतालों में करीब 200 बेड आरक्षित किए जा रहे हैं। 38 एंबुलेंस को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात किया गया है। घाटों के आसपास स्थित स्वास्थ्य केंद्रों पर इमरजेंसी सेवाएं मजबूत की जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग मोबाइल मेडिकल टीम भी तैयार कर रहा है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि 24, 25 और 26 अक्तूबर को एयर शो होगा। डीजीपी भी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। वहीं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि घाट किनारे सफाई, समतलीकरण और बैरिकेडिंग का काम चल रहा है। गंगा का जलस्तर लगातार घट रहा है और जल्द ही सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।
आसमान में दिखेंगे रोमांचक करतब
एयर शो में लो-लेवल फ्लाईपास्ट, वर्टिकल क्लाइंब, बैरल रोल, लूप, डाइव-पुलआउट और टाइट टर्न जैसे करतब दिखाए जाएंगे। फॉर्मेशन फ्लाइंग, फॉर्मेशन ब्रेक और क्रॉसिंग मैन्युवर के साथ एरोबेटिक टीम धुएं की लकीरों से आसमान में आकृतियां बनाएगी। तिरंगा निर्माण, इनवर्टेड फ्लाइंग और डीएनए मैन्युवर जैसे प्रदर्शन भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

