योगी सरकार के 9 साल पूरे : वाराणसी में मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने गिनाईं उपलब्धियां, बताया ट्रांसपोर्ट नगर से रोपवे तक बड़े प्रोजेक्ट्स पर तेजी से जारी है काम

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 9 साल पूरे होने के अवसर पर राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल ने प्रेसवार्ता कर सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से गिनाया। उन्होंने बताया कि काशी में अब तक लगभग 721 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं, जबकि करीब 800 करोड़ रुपये की परियोजनाएं अभी निर्माणाधीन हैं।

ं

बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर जोर
प्रेसवार्ता में राज्य मंत्री ने बताया कि वाराणसी में कई बड़े प्रोजेक्ट्स तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मोहनसराय क्षेत्र में कई हेक्टेयर में ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण किया जा रहा है, जिससे व्यापार और यातायात व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। वहीं शिवपुर में संगीत पाध्ये का निर्माण किया गया है और गंजरी क्षेत्र में रोपवे परियोजना पर भी काम जारी है, जो शहर के यातायात को आधुनिक स्वरूप देगा।

आवास योजनाओं से हजारों लोगों को मिला लाभ
सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 38 हजार लोगों को आवास उपलब्ध कराया गया है, जबकि मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 55 हजार लोगों को लाभ मिला है। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्के घर मिल सके हैं।

ं

शौचालय और पेंशन योजनाओं से बदली ग्रामीण-शहरी तस्वीर
राज्य मंत्री ने बताया कि स्वच्छता अभियान के तहत गांव से लेकर शहर तक बड़े पैमाने पर शौचालयों का निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही लगभग सवा दो लाख लोगों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिया जा रहा है, जिससे बुजुर्गों को आर्थिक सहायता मिल रही है।

आयुष्मान योजना से स्वास्थ्य सुरक्षा
स्वास्थ्य क्षेत्र में भी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सुमंगल योजना के तहत लगभग 12 लाख 34 हजार लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं, जिससे गरीब और जरूरतमंद लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है।

सरकार की योजनाएं विकास का आधार
रविंद्र जायसवाल ने कहा कि बीते 9 वर्षों में सरकार ने जो योजनाएं पूरी की हैं और जो अभी चल रही हैं, वे काशी के समग्र विकास का आधार बनी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी विकास कार्य इसी गति से जारी रहेंगे।

प्रेसवार्ता में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर एमएलसी एवं बीजेपी जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रदीप अग्रहरि, धर्मेंद्र सिंह और विधायक अवधेश सिंह सहित अन्य गणमान्य भी मौजूद रहे।

Share this story