त्योहारों के दौरान सड़क पर उतरेगी थानों की 80 फीसदी फोर्स, संभालेंगे यातायात व्यवस्था, पुलिस आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश 

WhatsApp Channel Join Now

मोहित अग्रवाल ने कचहरी से भोजूबीर और मरीमाई से रथयात्रा तक निरीक्षण परखी यातायात व्यवस्था 

जाम से निपटने के लिए चार दिन तक अधिकारी संभालेंगे यातायात की कमान, दुकानों के सामने अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग पर होगी कार्रवाई

कलर कोडेड पार्किंग व्यवस्था लागू कराने के साथ एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों के लिए रास्ता खाली रखने की हिदायत

वाराणसी। धनतेरस, दीपावली और भाईदूज के त्योहारों पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और वाहनों के बढ़ते दबाव से शहर को जाम से बचाने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। यातायात व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल बुधवार को खुद सड़क पर उतरे। उन्होंने कचहरी से भोजूबीर और मरीमाई से रथयात्रा तक प्रमुख मार्गों, बाजारों और जाम संभावित स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान अतिक्रमण, पार्किंग और यातायात संचालन में आ रही समस्याओं को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।

123

पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अगले चार दिनों तक सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी कार्यालयों के बजाय सड़कों पर रहकर यातायात व्यवस्था संभालेंगे। प्रत्येक थाने की उपलब्ध पुलिस फोर्स का कम से कम 80 प्रतिशत हिस्सा प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में तैनात रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यातायात प्रबंधन और अतिक्रमण हटाने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

123

80 फीसदी पुलिसकर्मी सड़क पर रहेंगे
प्रत्येक थाने की उपलब्ध पुलिस फोर्स का कम से कम 80 प्रतिशत हिस्सा यातायात और भीड़ प्रबंधन में लगाया जाएगा। थाना प्रभारी स्वयं मौके पर मौजूद रहेंगे। दुकानों के सामने सड़क और फुटपाथ पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण, ठेले और खोमचे हटवाए जाएंगे। स्थानीय पुलिस और यातायात पुलिस संयुक्त कार्रवाई करेगी। निर्धारित रंगों के अनुसार ही वाहनों की पार्किंग कराई जाएगी। अव्यवस्थित पार्किंग और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होगी।

दुकानदारों की भी तय होगी जिम्मेदारी
व्यापारिक प्रतिष्ठानों को अपने ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग निर्धारित स्थलों पर कराने के निर्देश दिए जाएंगे। सड़क पर पार्किंग कराकर जाम लगाने वालों को चेतावनी के बाद कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। प्रमुख पार्किंग स्थलों पर दबाव बढ़ने पर वाहन चालकों को नजदीकी वैकल्पिक पार्किंग स्थलों की ओर भेजा जाएगा। आवश्यकतानुसार संकेतक भी लगाए जाएंगे।

123

गलत दिशा में वाहन चलाने, नो-पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने, सड़क पर वाहन रोकने और बिना हेलमेट चलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए प्रमुख मार्गों को बाधा मुक्त रखा जाएगा। राजपत्रित अधिकारी अपने क्षेत्रों के बाजारों, चौराहों और व्यस्त मार्गों का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था की नियमित निगरानी करेंगे।

पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान पुलिस की प्रभावी मौजूदगी दिखनी चाहिए और आमजन को जाम से राहत मिलनी चाहिए। पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों और नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग की अपील की है।

BK Pathak
BK Pathak

21594 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story