उत्कृष्ट कार्य करने वाले वीडीए के 8 फील्ड कर्मचारी सम्मानित, उपाध्यक्ष ने दिया बेहतर कार्य का संदेश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। विकास प्राधिकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले फील्ड कर्मचारियों को सोमवार को सम्मानित किया गया। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने पांचों जोनों में कार्यरत फील्ड स्टाफ के कार्यों की समीक्षा करते हुए बेहतर प्रदर्शन करने वाले कुल आठ कर्मचारियों को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान अधिकारियों ने कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने कहा कि प्राधिकरण की योजनाओं और व्यवस्थाओं को प्रभावी रूप से जमीन पर लागू करने में फील्ड स्टाफ की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की तत्परता, ईमानदारी और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली से न केवल विभागीय कार्यों में तेजी आती है, बल्कि आम जनता का प्रशासन पर भरोसा भी मजबूत होता है।

सम्मानित कर्मचारियों को यह प्रशस्तिपत्र प्रवर्तन कार्यों, अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई, नियमित क्षेत्रीय निरीक्षण और प्राधिकरण की योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। समीक्षा बैठक के दौरान उपाध्यक्ष ने सभी कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक नए मानचित्र आवेदन जमा कराए जाएं तथा आमजन, विशेषकर गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न होने दी जाए।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना भी अधिकारियों और कर्मचारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर प्राधिकरण के सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा तथा अपर सचिव गुडाकेश शर्मा भी उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के सम्मान से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है और अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

Share this story