एयर शो के लिए वाराणसी में 79 अस्थायी पुलिस थाने, हर थाने पर एक एसआई और चार कांस्टेबल की तैनाती, पुलिस कमिश्नर ने पुलिसकर्मियों को किया ब्रीफ 

123
WhatsApp Channel Join Now

पुलिस आयुक्त ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को दर्शकों से शालीन व्यवहार और महिला सुरक्षा पर विशेष जोर

22, 24 और 25 अक्टूबर को होगा एयर शो, तीन ग्रीन कॉरिडोर, चार ट्रैफिक प्लान और घाटों पर डबल बैरिकेडिंग की तैयारी, हर इनक्लोजर में रहेंगी महिला पुलिसकर्मी

वाराणसी। एयर शो को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए वाराणसी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को अस्थायी पुलिस थानों पर तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग कर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और जनसुविधाओं को लेकर जरूरी निर्देश दिए। 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले एयर शो के मद्देनजर शहर और घाट क्षेत्रों में कुल 79 अस्थायी पुलिस थाने स्थापित किए गए हैं। इनमें 48 अस्थायी थाने नगर क्षेत्र में और 31 अस्थायी घाट थाने शामिल हैं। प्रत्येक थाने पर एक उपनिरीक्षक और चार आरक्षियों की तैनाती की गई है।

पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को प्रतिदिन तैयारियों की समीक्षा करने और जमीनी स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपने निर्धारित क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा, पार्किंग और दर्शकों के आवागमन पर नजर रखें। दर्शकों के साथ शालीन व्यवहार करते हुए उन्हें 'सर' और 'मैडम' कहकर संबोधित करें तथा जरूरत पड़ने पर सही रास्ते और सुविधाओं की जानकारी दें।

123

79 अस्थायी पुलिस थाने
नगर क्षेत्र में 48 और घाट क्षेत्रों में 31 अस्थायी थाने बनाए गए हैं। प्रत्येक थाने पर एक उपनिरीक्षक और चार आरक्षी तैनात रहेंगे। पुलिसकर्मी अपने क्षेत्र के पार्किंग स्थल, अस्पताल, शौचालय, पेयजल केंद्र और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी रखेंगे।

घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
नमोघाट से करीब दो किलोमीटर दूर वरुणा नदी के किनारे सरायमोहन घाट से खाकी कुटी बाबा मंदिर घाट तक 10 ब्लॉक बनाए जा रहे हैं। घाटों की बैरिकेडिंग का भौतिक सत्यापन होगा और जरूरत के अनुसार डबल बैरिकेडिंग की जाएगी। डुमरी क्षेत्र में भी बेहतर दृश्यता वाले स्थल विकसित किए जा रहे हैं।

भीड़ नियंत्रण के लिए तय होगी सीमा
दर्शक दीर्घाओं और इनक्लोजर का क्षेत्रफल 3,000 वर्गमीटर से अधिक नहीं रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवेश-निकास मार्गों, आपातकालीन निकासी और भीड़ के दबाव को ध्यान में रखकर व्यवस्था की जाएगी।

चार ट्रैफिक प्लान तैयार
संभावित भीड़ के अनुसार चार अलग-अलग यातायात योजनाएं बनाई गई हैं। आंतरिक और बाहरी यातायात व्यवस्था के लिए अलग-अलग डायवर्जन, बैरियर और वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। दर्शकों को उनके निर्धारित जोन और पार्किंग स्थल के अनुसार आवागमन करने के लिए निर्देशित किया जाएगा।

तीन ग्रीन कॉरिडोर
आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और मरीजों को समय से अस्पताल पहुंचाने के लिए शहर में तीन ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए हैं। बीएचयू अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर, शिवप्रसाद गुप्त अस्पताल और पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल सहित प्रमुख अस्पतालों तक एंबुलेंस की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की जाएगी।

महिला सुरक्षा और जनसहयोग
प्रत्येक दर्शक इनक्लोजर में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। एनसीसी कैडेट्स और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से भीड़ प्रबंधन तथा दर्शकों को मार्गदर्शन देने का काम किया जाएगा। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को वायरलेस सेट के जरिए सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने और मोबाइल फोन के अनावश्यक इस्तेमाल से बचने के निर्देश दिए गए हैं।

जर्जर भवनों की छतों पर भीड़ जुटाने पर रोक
एयर शो के आसपास स्थित जर्जर और संवेदनशील भवनों को चिह्नित कर उनके स्वामियों को नोटिस देने के निर्देश दिए गए हैं। भवनों की क्षमता से अधिक लोगों को छतों पर एकत्र होने से रोकने और संभावित दुर्घटनाओं के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि आयोजन के दौरान सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

BK Pathak
BK Pathak

21220 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story