जनता के बीच 76 दिन : विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी का वार्ड-वार्ड दौरा, मौके पर हो रहा समस्याओं का समाधान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। वाराणसी दक्षिणी विधानसभा के विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी का 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। अभियान के सातवें दिन शनिवार को उन्होंने गोला दीनानाथ वार्ड का भ्रमण कर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं, कई स्थानों पर मिली कमियों का मौके पर संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। अभियान के माध्यम से विधायक न केवल क्षेत्रीय समस्याओं का निराकरण करा रहे हैं, बल्कि पात्र लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का भी प्रयास कर रहे हैं।

ं

स्वच्छता अभियान से शुरू हुआ दिन, जनता से किया सीधा संवाद
शनिवार सुबह डॉ. नीलकंठ तिवारी ने गोला दीनानाथ वार्ड में स्वच्छता अभियान में भाग लिया और हाथ में झाड़ू लेकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इसके बाद उन्होंने वार्ड के विभिन्न मोहल्लों का भ्रमण किया, स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। इस दौरान उनके साथ नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्हें मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ं

टूटी पटिया और क्षतिग्रस्त बिजली के पोल पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
वार्ड भ्रमण के दौरान विधायक को कई स्थानों पर टूटी हुई पटिया और क्षतिग्रस्त बिजली के पोल दिखाई दिए। उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर इन समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने के निर्देश दिए। छोटी-छोटी स्थानीय समस्याओं के समाधान को लेकर भी अधिकारियों को मौके पर ही जिम्मेदारी सौंपी गई, जिससे लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।

वरिष्ठजनों से मुलाकात, पौधरोपण और जन चौपाल का आयोजन
भ्रमण के दौरान विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कई वरिष्ठ नागरिकों के घर जाकर उनका कुशलक्षेम जाना और परिवारजनों से मुलाकात की। वरिष्ठजनों द्वारा बताई गई समस्याओं के समाधान के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इसके बाद उन्होंने पांच पौधों का पौधरोपण किया तथा जन चौपाल आयोजित कर स्थानीय नागरिकों और वरिष्ठजनों से सुझाव एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।

ं

हर रविवार लगेगी जन चौपाल, विभागीय अधिकारी करेंगे मौके पर समाधान
विधायक ने बताया कि 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान के तहत प्रत्येक रविवार को जन चौपाल आयोजित की जा रही है। रविवार 26 जुलाई को कबीर नगर स्थित सामुदायिक भवन में जन चौपाल लगेगी, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी अपने-अपने काउंटर लगाकर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करेंगे। शिविर में विधवा, वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण, सत्यापन और योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

ं

हर वार्ड में तीन से चार बार होगा भ्रमण
डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बताया कि अभियान के दौरान प्रत्येक वार्ड का तीन से चार बार दौरा किया जाएगा, ताकि कोई भी स्थानीय समस्या अनदेखी न रह जाए और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके। रविवार को आयोजित शिविरों में पूर्व में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा भी की जाएगी और नए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा।

ं

ं

ं

Share this story