सावन शुरू होने से पहले ही काशी के 70 प्रतिशत होटल फुल, श्रद्धालुओं की बढ़ी भीड़
वाराणसी। 30 जुलाई से शुरू हो रहे सावन मास को लेकर काशी में श्रद्धालुओं का उत्साह अभी से दिखाई देने लगा है। बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के चलते शहर के प्रमुख होटलों, लॉज और गेस्ट हाउसों में करीब 70 प्रतिशत कमरे पहले ही बुक हो चुके हैं। होटल कारोबारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में यह आंकड़ा और बढ़ेगा, जिससे ठहरने के लिए कमरे मिलना मुश्किल हो सकता है।
होटल उद्योग से जुड़े कारोबारियों के अनुसार शनिवार से सोमवार तक के लिए 'स्पेशल रेट' लागू कर दिए गए हैं। इन तीन दिनों में श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ रहने की संभावना है। सामान्य दिनों में 800 रुपये तक मिलने वाले कमरे अब 1400 से 1600 रुपये तक बुक हो रहे हैं। इसके अलावा श्रावण के चारों सोमवार, विशेष पर्वों और नाग पंचमी जैसे अवसरों पर भी भारी भीड़ की उम्मीद है।
वाराणसी होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार गोदौलिया, दशाश्वमेध, चौक, गिरजाघर, कैंट रेलवे स्टेशन और काशी विश्वनाथ धाम के आसपास स्थित अधिकांश छोटे-बड़े होटल और लॉज में बुकिंग तेजी से बढ़ रही है। कैंट रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटलों में भी 70 प्रतिशत से अधिक कमरे आरक्षित हो चुके हैं।
होटल संचालकों का कहना है कि इस बार केवल सावन ही नहीं, बल्कि स्कूलों की छुट्टियां, पर्यटन सीजन और धार्मिक आयोजनों के कारण भी पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। इसका सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, स्ट्रीट फूड, ट्रैवल एजेंसियों और स्थानीय कारोबार पर भी देखने को मिल रहा है। श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि यदि वे सावन के दौरान काशी आने की योजना बना रहे हैं तो पहले से होटल बुक कर लें, ताकि अंतिम समय में ठहरने की परेशानी का सामना न करना पड़े।

