शिवपुर में बंदरों का आतंक, 6 वर्षीय बच्चे पर हमला; घायल होने के बावजूद दिखाया साहस

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शिवपुर क्षेत्र में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला न्यू अशोक विहार कॉलोनी का है, जहां एक 6 वर्षीय मासूम बच्चे पर बंदर ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में बच्चा घायल हो गया, हालांकि चोट लगने के बावजूद उसने साहस दिखाते हुए बंदर का डटकर सामना किया।

गेट बंद करते ही हुआ हमला
जानकारी के अनुसार न्यू अशोक विहार कॉलोनी निवासी डॉ. जी.एस. मौर्या का नाती अथर्व मौर्या (उम्र 6 वर्ष) घर से बाहर पतंग खेलने के लिए निकला था। जैसे ही वह घर का गेट बंद कर रहा था, तभी पीछे से एक बंदर ने अचानक उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से बच्चा घबरा गया, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी।

चोटिल होने के बाद भी दिखाई हिम्मत
बंदर के हमले में अथर्व घायल हो गया। इसके बावजूद उसने साहस दिखाते हुए बंदर से दो-दो हाथ किया और खुद को बचाने की कोशिश की। आसपास मौजूद लोगों के पहुंचने पर बंदर वहां से भागा। घटना के बाद बच्चे को उपचार के लिए ले जाया गया।

इलाके में दहशत का माहौल
घटना के बाद न्यू अशोक विहार कॉलोनी सहित शिवपुर और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कुछ दिनों से बंदरों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा डर के साए में हैं।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग
स्थानीय निवासियों ने नगर निगम और प्रशासन से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्रवासियों ने बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़े जाने की मांग की है।

देखें वीडियो 

Share this story