बरेका में 69वां-70वां विशिष्ट सेवा पुरस्कार समारोह, 31 कर्मियों को मिला सम्मान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में शुक्रवार को 69वें एवं 70वें वार्षिक विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार वितरण समारोह–2026 का भव्य आयोजन किया गया। बरेका प्रेक्षागृह (सिनेमा हॉल) में आयोजित इस कार्यक्रम में महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लाल जी चौधरी द्वारा महाप्रबंधक का स्वागत कर किया गया। इसके बाद महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्षों ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया। अपने संबोधन में चौधरी ने सभी पुरस्कृत कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धियों की सराहना की।

123

समारोह के दौरान प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे माहौल को उत्साह और उल्लास से भर दिया। कृष्ण वंदना पर आधारित रास-कथक शैली की प्रस्तुति, गजल “ये दौलत भी ले लो, ये शोहरत भी ले लो” और डेढ़िया लोक नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही जनसंपर्क विभाग द्वारा बरेका की उपलब्धियों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसमें लोकोमोटिव निर्माण, हरित ऊर्जा के प्रति प्रतिबद्धता और संस्थान के गौरवशाली इतिहास को दर्शाया गया। कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से संबंधित पत्रिका का विमोचन भी किया गया। समारोह का मुख्य आकर्षण वर्ष 2024 और 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 31 अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित करना रहा, जिन्हें महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सामूहिक पुरस्कार भी दिए गए। लाइट मशीन शॉप एवं ब्लॉक डिवीजन को सर्वोत्तम हाउसकीपिंग, ट्रक मशीन शॉप को सर्वोत्तम कार्य प्रणाली, प्रोग्रेस लोको को सर्वोत्तम संरक्षा प्रदर्शन और मेंटेनेंस एरिया-3 को सर्वोत्तम सेवा के लिए सम्मानित किया गया। वहीं एफ-51 और एम-60 को सर्वोत्तम स्टॉकिंग में प्रथम, टीओटी-47 को द्वितीय स्थान तथा क्रय अनुभाग-04 और 06 को क्रमशः प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।

123

महाप्रबंधक ने कहा कि यह समारोह केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि बरेका परिवार के समर्पण और उत्कृष्टता का उत्सव है। उन्होंने बताया कि “मेक इन इंडिया” के तहत बरेका ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 572 लोकोमोटिव का निर्माण कर अब तक का सर्वाधिक उत्पादन दर्ज किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने विश्वास जताया कि बरेका के कर्मचारी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share this story