वाराणसी में शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए 66.72 % मतदान, स्नातक के लिए 35.04 फीसदी वोटिंग, 27 को मतगणना
शिक्षक मतदाताओं ने दिखाई अधिक रुचि, शाम चार बजे तक स्नातक के लिए 23,457 और शिक्षक एमएलसी के लिए 5,263 मत पड़े
वाराणसी। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद सदस्य निर्वाचन-2026 में शुक्रवार को मतदान के दौरान शिक्षक वर्ग के मतदाताओं में अधिक उत्साह देखने को मिला। शाम चार बजे तक जारी मतदान के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए 66.72 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि स्नातक निर्वाचन में 35.04 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दोनों वर्गों में मतदान की प्रगति के आंकड़े जारी किए गए, जिनमें शिक्षक खंड लगातार आगे रहा। 27 अक्टूबर को मतों की गिनती होगी।

सुबह 10 बजे तक स्नातक के लिए 5.79 और शिक्षक के लिए 10.47 प्रतिशत मतदान
मतदान के शुरुआती दो घंटों यानी सुबह 10 बजे तक स्नातक खंड में 3,879 मत पड़े थे, जो 5.79 प्रतिशत मतदान के बराबर था। वहीं, शिक्षक खंड में 826 मतदाताओं ने वोट डाला था और मतदान प्रतिशत 10.47 रहा।

दोपहर 12 बजे तक बढ़ी मतदान की रफ्तार
दोपहर 12 बजे तक स्नातक खंड में कुल 8,913 मत पड़े और मतदान प्रतिशत 13.31 हो गया। शिक्षक खंड में इस समय तक 2,243 मत पड़ चुके थे, जो 28.44 प्रतिशत मतदान के बराबर था। दोनों वर्गों में मतदान का प्रतिशत सुबह के मुकाबले बढ़ा, लेकिन शिक्षक खंड की बढ़त बरकरार रही।
दोपहर दो बजे तक स्नातक में 24.12, शिक्षक में 50.89 प्रतिशत मतदान
दोपहर दो बजे तक स्नातक खंड में कुल 16,152 मत पड़े, जबकि मतदान प्रतिशत 24.12 दर्ज किया गया। शिक्षक खंड में इस समय तक 4,014 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था और मतदान प्रतिशत 50.89 तक पहुंच गया था।

शाम चार बजे तक शिक्षक खंड में 66.72 फीसदी मतदान
शाम चार बजे तक स्नातक खंड में कुल 23,457 मत पड़े और मतदान प्रतिशत 35.04 रहा। वहीं, शिक्षक खंड में 5,263 मतदाताओं ने वोट डाला, जिससे मतदान प्रतिशत 66.72 तक पहुंच गया। मतदान के आंकड़ों से स्पष्ट रहा कि शिक्षक निर्वाचन में मतदाताओं की भागीदारी स्नातक निर्वाचन की तुलना में अधिक रही। मतदान के बाद प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई और अब सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं।

