60 मकान जमींदोज, 45 पर चला बुलडोजर: दालमंडी में अब तक का सबसे बड़ा एक्शन, 400 पुलिसकर्मी तैनात
ड्रोन से निगरानी, प्रशासन बोला- शाम तक पूरा होगा ध्वस्तीकरण
वाराणसी। दालमंडी में शनिवार को एक बार फिर बुलडोजर गरजा। दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 45 मकानों पर ध्वस्तीकरण शुरू किया। इलाके में भारी पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर ड्रोन कैमरों से भी निगरानी कराई जा रही है।

दालमंडी सड़क चौड़ीकरण को लेकर पीडब्ल्यूडी और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है। गुरुवार रात ही पीडब्ल्यूडी की ओर से इलाके में मुनादी कराकर मकान मालिकों और दुकानदारों को दोपहर 12 बजे से पहले अपना सामान हटाने का निर्देश दिया गया था। शनिवार सुबह बुलडोजर, प्रशासनिक टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया, जिसके बाद ध्वस्तीकरण शुरू हुआ।

187 प्रॉपर्टी चिह्नित, 1400 दुकानें भी होंगी प्रभावित
प्रशासन के अनुसार दालमंडी में 650 मीटर लंबी सड़क को 17.4 मीटर चौड़ा किया जाना है। इस परियोजना के लिए कुल 187 प्रॉपर्टी चिन्हित की गई हैं, जिनमें 181 मकान और 6 मस्जिदें शामिल हैं। इसके अलावा इलाके की लगभग 1400 दुकानें भी इस परियोजना से प्रभावित हो रही हैं।

दालमंडी में पहली बार 29 अक्टूबर 2025 को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हुई थी। अब तक 62 मकानों पर बुलडोजर चल चुका है, जबकि शनिवार को 45 अन्य मकानों को तोड़ा जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि चौड़ीकरण के बाद इस इलाके में जाम की समस्या से काफी राहत मिलेगी और आवागमन पहले से अधिक सुगम होगा।

एडीएम सिटी आलोक वर्मा ने बताया कि जिन 45 मकानों पर शनिवार को कार्रवाई की जा रही है, उनमें से 25 मकानों का बैनामा पहले ही हो चुका है। बाकी 20 मकान जर्जर स्थिति में हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी कार्रवाई को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में जुटा है और सभी जरूरी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।

शाम तक पूरी होगी कार्रवाई
मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी के के सिंह ने कहा कि चिन्हित सभी 45 भवनों पर शनिवार शाम तक कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने बताया कि अब तक कुल 62 भवनों को हटाया जा चुका है। मस्जिदों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस संबंध में चर्चा जारी है और सहमति बनने के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।

400 पुलिसकर्मी तैनात, ड्रोन से निगरानी
एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि दालमंडी में यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 300 से 400 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पीएसी, पैरामिलिट्री फोर्स और कई थानों की पुलिस भी मौके पर मौजूद है।

उन्होंने बताया कि चौक और नई सड़क जैसे व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई है। संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे इलाके पर ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न होने पाए।
मुख्यमंत्री योगी ने भी दिए थे तेजी के निर्देश
बीते दिनों वाराणसी दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना की समीक्षा की थी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद से प्रशासन ने कार्रवाई और तेज कर दी है।
देखें तस्वीरें और वीडियो















